ताज़ा खबरें
जम्मू-कश्मीर विधानसभा में बिलावर हत्याकांड गुलमर्ग फैशन शो पर हंगामा
तेलंगाना सुरंग हादसा: 16 दिन बाद टनल से एक व्यक्ति का शव मिला
भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी जीती, चार विकेट से न्यूजीलैंड को दी शिकस्त

लखनऊ: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने लखनऊ दौरे पर स्थापना दिवस समारोह में संविधान की प्रस्तावना पढ़ी और कांर्यकर्ताओं को शपथ दिलाई। कांग्रेस का आज 135वां स्थापना दिवस है। राजधानी लखनऊ स्थित कांग्रेस मुख्यालय पर आयोजित स्थापना दिवस समारोह में प्रियंका गांधी रणनीतिक और कार्ययोजना कमेटी के साथ बैठक की। इस मौके पर प्रियंका ने कांग्रेस नेताओं के बलिदान को याद करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं को पार्टी के महान नेताओं के पदचिह्नों पर चलने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि वे संविधान पर हमला करने वालों का विरोध करेंगी।

प्रियंका गांधी ने कहा कि आज देशभक्ति के नाम पर लोगों को डराया जा रहा है। सीएए और एनआरसी से डराया जा रहा है। लड़कियों में आज डर का माहौल है। आज देश में संकट में हैं। सरकार आज छात्रों की आवाज को दबा रही है। डराने वाला मुंह बंद करने की कोशिश करता है। प्रियंका गांधी ने कहा कि हमारे दिल में अहिंसा और करुणा हैं। कायर की पहचान हिंसा है। झूठ से देश ऊब चुका है। कायरता को देश पहचान रहा है। आवाज उठाने पर बच्चों को मार रहे हैं। पहले देश में एनआरसी की बात फैलाई, अब कह रहे हैं कि एनआरसी की चर्चा नहीं।

बुलंदशहर: नागरिकता कानून के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान हिंसा की चपेट में आए यूपी के जिलों में रिकवरी के लिए आरोपियों को नोटिस भेजा जा रहा है। इस बीच बुलंदशहर में एक ऐसा मामला सामने आया है, जो लोगों के लिए नजीर बन गया है। यहां एक इलाके के लोगों ने हिंसा में सरकारी संपत्ति को हुए नुकसान पर दुख जताया है और खुद डीएम को 6.27 लाख रुपये का डिमांड ड्राफ्ट सौंपा है। इतना ही नहीं समुदाय के लोगों ने फिर कभी इस क्षेत्र में हिंसा नहीं होने देने का भी प्रशासन से वादा किया। शासन के अधिकारी इसे 'पश्चाताप का स्वैच्छिक कदम बता रहे हैं।

बता दें कि उपरकोट क्षेत्र में 20 दिसंबर को हिंसक प्रदर्शन के दौरान बड़े पैमाने पर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा था। यहां के निवासियों ने इसकी भरपाई के लिए जिलाधिकारी रवींद्र कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह को 6.27 लाख रुरपये का डिमांड ड्राफ्ट सौंपा। कोतवाली शहर क्षेत्र में एक स्थानीय नेता शकीलुल्लाह और मुस्लिम समुदाय के अन्य लोगों के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने डीएम को यह ड्राफ्ट सौंपा। साथ ही भविष्य में कभी ऐसा नहीं होने देने का वादा किया।

मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ में सिटी एसपी अखिलेश नारायण सिंह का एक वीडियो वायरल हो रहा है। ये वीडियो 20 दिसंबर का है जब पश्चिमी उत्तर प्रदेश में नागरिक संशोधन ऐक्ट के ख़िलाफ़ हिंसक प्रदर्शन हुए थे, उस दौरान एसपी मेरठ अखिलेश नरायण सिंह उपद्रवियों को नियंत्रण करने के लिए मेरठ की लिसाड़ी गेट के पास एक गली में पहुंचते हैं और प्रदर्शनकारियों को पाकिस्तान जाने की हिदायत दे डालते हैं। 20 दिसंबर के इस वीडियो में सिटी एसपी अपने दल-बल के साथ मेरठ के किसी इलाके में पहुंचते हैं और नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के खिलाफ काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन कर रहे कुछ लोगों को धमकाते नज़र आ रहे हैं।

वीडियो में सिटी एसपी लोगों से कहते नज़र आ रहे हैं कि काली पट्टी बांधने वालों से कहो कि वो पाकिस्तान चले जाएं। इस दौरान एसपी सिटी ने अपशब्दों का भी इस्तेमाल किया और वो साफ़ तौर पर लोगों को धमकाते नज़र आ रहे हैं। वो ये कहते हुए सुने जा सकते हैं कि खाओगे कहीं का और गाओगे कहीं का, आपके फोटो ले लिये गए हैं, लोगों की पहचान हो गई है, गली में कुछ हो गया तो तुम लोग क़ीमत चुकाओगे।

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को जुमे की नमाज शांतिपूर्वक संपन्न हो गई। पिछले सप्ताह जुमे की नमाज के बाद संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान हुई व्यापक हिंसा के मद्देनजर कड़े सुरक्षा बंदोबस्त किये गये थे। उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक ओ पी सिंह ने कहा,'पूरे प्रदेश में शांति रही।' उन्होंने बताया कि प्रदेश के किसी भी हिस्से से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। राज्य में भारी सुरक्षा बंदोबस्त किया गया है। संवेदनशील इलाकों में केन्द्रीय अर्द्धसैनिक बल के जवान तैनात किए गए हैं। ड्रोन कैमरों की मदद से निगरानी की जा रही है। इंटरनेट सेवाएं बंद हैं ताकि कोई अफवाह ना फैलने पाए। एक सवाल के जवाब में डीजीपी ने बताया कि राज्य में हिंसक प्रदर्शनों में मरने वालों की संख्या 19 है।

मुरादाबाद, अमरोहा और हाथरस जिलों से मिली खबरों के मुताबिक विभिन्न मस्जिदों में जुमे की नमाज शांतिपूर्वक संपन्न हो गई। पुराने लखनऊ की ऐतिहासिक टीले वाली मस्जिद के बाहर अर्द्धसैनिक बलों के जवान भारी संख्या में तैनात थे। सुबह से ही सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद थी। उत्तर प्रदेश के संवेदनशील जगहों पर लगातार गश्त की जा रही थी।

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख