लुधियाना: पंजाब के लुधियाना में इमारत गिरने का मामला सामने आ रहा है। शनिवार (8 मार्च) की शाम अचानक हुए इस हादसे में कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई है और राहत और बचाव कार्य में जुटी है। बताया जा रहा है कि बिल्डिंग गिरने से एक धमाके जैसी आवाज आई, जिससे इलाके में अफरा तफरी का माहौल बन गया।
हादसा लुधियाना के फेस-8 क्षेत्र में हुआ। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मलबे के नीचे करीब 4 से 5 लोग दबे हैं, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिशें जारी हैं। घटनास्थल पर थाना फोकल पॉइंट की पुलिस रेस्क्यू का काम करवा रही है।
जानकारी देते हुए एसएचओ अमनदीप सिंह बराड़ ने बताया, "फिलहाल रेस्क्यू कार्य जारी है। 4 से 5 लोगों के इमारत के नीचे दबे होने का अनुमान है।"
सीएम भगवंत मान ने लिया संज्ञान
पंजाब के सीएम भगवंत मान ने मामले का संज्ञान लिया और सोशल मीडिया के जरिए इस हादसे की जानकारी दी।
उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, "लुधियाना में एक फैक्ट्री की इमारत गिरने की सूचना मिली है। मैंने प्रशासन को स्थिति का तत्काल जायज़ा लेने के निर्देश जारी किए हैं। बचाव टीमें पहुंच गई हैं और उन्होंने अपना काम शुरू कर दिया है। मैं मलबे के नीचे दबे श्रमिकों के शीघ्र सुरक्षित बाहर आने और स्वस्थ होने की कामना करता हूं।"