ताज़ा खबरें

नई दिल्‍ली (जनादेश ब्यूरो): दिल्‍ली की महिलाओं को प्रतिमाह 2500 रुपये मिलने का रास्‍ता साफ हो गया है। महिला सम्‍मान योजना को कैबिनेट की मंजूरी मिल गई है। कैबिनेट मीटिंग में महिला समृद्धि योजना के रजिस्ट्रेशन की तारीख पर भी मुहर लग गई है। बीपीएल कार्ड धारक महिलाओं को इस योजना का लाभ मिलेगा। सरकार की पहली प्राथमिकता है कि गरीब महिलाओं को इसका लाभ मिले। इसके साथ दिल्ली में उज्जवला योजना लागू करने का भी एलान किया गया है। महिला समृद्ध योजना को दिल्ली कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद सीएम रेखा गुप्ता ने जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित किया।

'दिल्ली में बहनों से किया वादा पूरा करेंगे'

महिला दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि पिछली सरकारों ने महिलाओं के लिए कुछ भी नहीं किया। लेकिन हम आपकी अपेक्षाओं को पूरा करके दिखाएंगे। दिल्ली में बहनों से किया वादा पूरा करेंगे। पहले महिलाओं के सम्मान की अनदेखी की गई। मोदी सरकार ने महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया।

'जिसके सपने देखे, वो अधिकार मिला'

सीएम ने अपने भाषण की शुरुआत ये कहते हुए की कि बहुत कुछ मिला, वो सम्मान मिला, जिसके हम सपने देखते थे। वो अधिकार मिला, जो हमारी पहुंच से बाहर था। वो मंच मिला, जिस पर खड़े होकर अपने दिल की बात कही जा सके। चुनाव लड़ते-लड़ते जब वो यहां तक पहुंचीं तो वो सोच और समझ मिली, जिससे देश हित के लिए काम किए जा सकते थे।

महिलाओं की सुरक्षा के लिए काम कर रहे

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि पीएम मोदी ने इस बात को समझा कि देश की तरक्की सिर्फ एक वर्ग से नहीं होने वाली। इसका रास्ता महिलाओं की तरक्की से होकर गुजरता है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी जिस एजेंडा को महिलाओं के सम्मान के लिए देश में चला रहे हैं, उसी तरह से दिल्ली में भी बहनों को सशक्त करने के लिए उनके स्वास्थ्य, उनकी शिक्षा, उनकी सुरक्षा और उनकी समृद्धि के लिए हर वो काम किया जाएगा, जिसका वादा हमने किया था।

पिंक पुलिस स्टेशन बढ़ाने पर विचार

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के साथ डबल इंजन की सरकार के रूप में हर उस काम करने की प्लानिंग हो चुकी है, जो दिल्ली को और सुरक्षित और समृद्ध बना सके। सीएम रेखा ने कहा कि दिल्ली की बीजेपी सरकार ने पिछले 15 दिनों में अनेकों उन योजनाओं पर चर्चा की, जो दिल्ली की बहनों की सुरक्षा के लिए बहुत जरूरी हैं। जिनमें सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने से लेकर पीसीआर को महिलाओं के साथ जोड़ते हुए उसमें महिला कॉस्टेबल की मौजूदगी तक, पिंक पीसीआर से पिंक पुलिस स्टेशन की संख्या बढ़ाने के लिए दिल्ली में काम किया जाएगा। सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली की महिलाओं से किया हर वादा पूरा किया जाएगा।

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख