ताज़ा खबरें
पर्यावरण निधि के दुरुपयोग को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने सरकार से मांगा जवाब

बरेली: 71 लाख के दिव्यांग उपकरण घोटाले में फंसी पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद की पत्नी लुईस खुर्शीद को अदालत से राहत नहीं मिली। प्रभारी जिला जज शकील अहमद खां की अदालत ने सुनवाई के बाद लुईस खुर्शीद और अख्तर फारूखी उर्फ मोहम्मद अतहर को अंतरिम जमानत देने से इनकार कर दिया। दोनों की अग्रिम जमानत के लिए दी गई अर्जी पर चार अक्तूबर को सुनवाई होगी।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय ने 30 मार्च 2010 को प्रदेश के कई जिलों में दिव्यांगों को नि:शुल्क उपकरण बांटने के लिए कायमगंज की पूर्व विधायक लुईस खुर्शीद की देखरेख में संचालित डॉ. जाकिर हुसैन मेमोरियल ट्रस्ट फर्रुखाबाद को 71 लाख का अनुदान दिया था। मंत्रालय ने प्रत्येक जिले में कैंप लगाकर दिव्यांगों को नि:शुल्क उपकरण वितरित करने के निर्देश दिए थे। कैंप लगाने के बाद ट्रस्ट को टेस्ट चेक रिपोर्ट भी सौंपनी थी। ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने 15 अक्तूबर 2010 को भोजीपुरा क्षेत्र में कैंप लगाकर 21 दिव्यागों को उपकरण वितरित करने की टेस्ट चेक रिपोर्ट मंत्रालय को सौंपी थी।

लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार राज्य के 14 शहरों में 700 एसी मिड इलेक्ट्रिक बसें चलाने जा रही है। इसमें 11 शहरों का खर्च केंद्र और तीन शहरों का राज्य सरकार उठाएगी। इन बसों को चलाने पर 965 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट की बैठक में यह फैसला हुआ। नगर विकास विभाग के प्रस्ताव के मुताबिक केंद्र सरकार की फेम इंडिया योजना के दूसरे चरण में लखनऊ, कानपुर और आगरा में 100-100 बसें चलाई जाएंगी। गाजियाबाद, वाराणसी, प्रयागराज व मेरठ में 50-50 बसें चलाई जाएंगी। मुरादाबाद, अलीगढ़, झांसी व बरेली में 25-25 बसें चलाई जाएंगी।

केंद्र सरकार इन बसों को खरीदने के लिए 45 लाख रुपये अनुदान देगी। राज्य सरकार इसके अलावा अपने खर्च पर मथुरा-वृंदावन में 50 और गोरखपुर व शाहजहांपुर में 25-25 बसें चलाएगी। इन बसों को खरीदने के लिए अनुबंध पर करार करते हुए 15 नवंबर तक अनुमति दे दी जाएगी। केंद्र सरकार ने इसके लिए 270 करोड़ रुपये अनुदान दिया है। तय समय में पैसा न देने पर इसे वापस करना पड़ेगा।

लखनऊ: समाजवादी पार्टी ने आज बढ़ती मंहगाई, भ्रष्टाचार, किसानों की बदहाली, नौजवानों की बेरोजगारी, ध्वस्त कानून व्यवस्था तथा पूर्व मंत्री एवं सांसद मोहम्मद आजम खां और उनके परिवार के विरूद्ध बदले की कार्यवाही आदि की 11-सूत्रीय मांगो को लेकर प्रदेश की सभी तहसीलों पर धरना-प्रदर्शन किया। कई स्थान पर पार्टी कार्यकर्ता और नेता बरसते पानी की भी परवाह न कर धरना स्थल पर डटे रहे। गौरतलब है कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पिछले दिनों घोषणा की थी​ कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ सूबे के सभी तहसील मुख्यालयों पर गांधी जयंती से एक दिन पहले धरना और प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।

तहसील स्तर पर धरने में बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में सरकारी राहत कार्य न होने और अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति के छात्रों की निःशुल्क प्रक्रिया एवं शुल्क प्रतिपूर्ति की व्यवस्था बहाली के मुद्दे को भी मांग पत्र में शामिल कर लिया गया है। आज का धरना कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं बड़ी संख्या में जनभागीदारी के साथ सम्पन्न हुआ। हर जगह भारी तादाद में कार्यकर्ताओं, नेताओं, पदाधिकारियों ने धरना में भाग लिया।

नई दिल्ली: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को कहा कि कांग्रेस के लोग झुकने वाले नहीं हैं और हर वे दमन का सामना करेंगे। उनका यह बयान पूर्व केंद्रीय मंत्री चिन्मयानंद पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली लड़की के समर्थन में कांग्रेस की पदयात्रा से पहले उसके कई नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किए जाने की पृष्ठभूमि में आया है। राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार बेटियों पर अत्याचार करने वाले के तो साथ खड़ी है और विरोध कर रहे कांग्रेसजन को हिरासत में ले रही है। मगर संघर्ष की इस राह में हमारे साथी सड़कों पर डटे रहेंगे।हर दमन का सामना करेंगे।

गौरतलब है कि कांग्रेस चिन्मयानंद मामले में पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस शाहजहांपुर से लखनऊ तक 30 सितंबर से पदयात्रा निकालने वाली है। इस यात्रा से पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद और शाहजहांपुर में कांग्रेस के जिलाध्यक्ष कौशल मिश्रा को नजरबंद कर दिया गया है और पार्टी विधानमंडल दल के नेता समेत 82 पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया गया।

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख