नई दिल्ली (जनादेश ब्यूरो): कांग्रेस ने किसानों के मुद्दे पर पंजाब की भगवंत मान सरकार पर हमला बोला है। किसानों का साथ देते हुए कांग्रेस ने एक्स पर लिखा है कि भगवंत मान सत्ता के नशे में चूर हैं और घमंड में किसानों को धमका रहे हैं, क्योंकि किसान अपनी जायज मांगों को लेकर धरना दे रहे हैं।
कांग्रेस ने किसानों की मांगों को जायज बताया
कांग्रेस ने एक्स पर लिखा, 'किसान रेल और सड़क रोककर नुकसान कर रहे हैं। पंजाब धरने वाला स्टेट बनता जा रहा है। मेरी नरमाई को कमजोरी न समझी जाए। मैं एक्शन ले सकता हूं। ये कहना है पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान का। भगवंत मान सत्ता के नशे में चूर हैं और घमंड में किसानों को धमका रहे हैं, क्योंकि किसान अपनी जायज मांगों को लेकर धरना दे रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि ये है आम आदमी पार्टी का 'किसान विरोधी चेहरा', किसानों के साथ भगवंत मान की मीटिंग हुई थी। इस मीटिंग में भी भगवंत मान किसानों को धमकाते रहे और धरना न करने की बात कहते रहे। कांग्रेस ने लिखा, भगवंत मान ने किसानों से कहा कि 5 मार्च को चंडीगढ़ में धरना मत करो।
किसानों ने कहा कि हमारी मांग जब तक पूरी नहीं होती, तब तक धरना चलता रहेगा। इसके बाद भगवंत मान गुस्से में तमतमा गए और 'तू-तड़ाक' पर उतर आए। मुख्यमंत्री ने किसानों से कहा कि तुम लोगों ने मेरा ढाई घंटा खराब किया, अब जाओ धरना करो, मैं तुम्हें देख लूंगा। मुख्यमंत्री की इस धमकी के बाद पूरे पंजाब में किसान नेताओं को अपराधियों की तरह पकड़ा जा रहा है, उन्हें हिरासत में लिया जा रहा है, उनके परिवारों को धमकाया जा रहा है।”
कांग्रेस ने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी सरकार की किसानों पर की जा रही कार्रवाई सरासर गलत है। इसकी जितनी निंदा की जाए, वो कम है। मुख्यमंत्री भगवंत मान को होश में आना चाहिए, घमंड छोड़ना चाहिए और किसानों की बात को सुनना चाहिए। वरना 'दिल्ली' तो याद ही है।