ताज़ा खबरें

लखनऊ (जनादेश ब्यूरो): समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भारत के संविधान में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता एवं शांति पूर्ण धरना-प्रदर्शन पर रोक नहीं है। महिलाओं को पुरूषों के बराबर अधिकार दिए गए है। सीएए, एनआरसी, एनपीआर के विरोध में महिलाएं, बच्चे प्रदेश में कई स्थलों पर दिया जा रहा हैं। लखनऊ में समाजवादी छात्रसभा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पूजा शुक्ला को घंटाघर, लखनऊ में धरना के समर्थन में बैठने के कारण आज पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर यातना दी गई। कुमारी पूजा को पुलिस ने अपमानित किया और जेल भेज दिया।इटावा में प्रदर्शनकारी महिलाओं पर लाठीचार्ज किया गया। पुलिस का यह आचरण नितांत निंदनीय और लोकतंत्र की स्वस्थ परम्परा के विपरीत है।

यादव ने कहा कि महिलाओं के प्रदर्शन से घबराई भाजपा सरकार उन पर धरना खत्म करने का दबाव बनाने में लगी है। घंटाघर पार्क में बैठी महिलाओं के साथ ही राहगीरों से भी पुलिस अभद्रता कर रही है। पुलिस का यह रवैया समझ से परे है क्योंकि धरना लगातार शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा है। धरना स्थल पर धारा 144 लगाने का कोई औचित्य नही है।

लखनऊ: अपनी सरकार के कामकाज से संतुष्ट मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि भाजपा अगला विधानसभा चुनाव तीन चौथाई सीटों के साथ जीतेगी। बाकी एक तिहाई सीट के लिए विपक्ष अपना वोट बैंक तय करने में लगा है। भाजपा दिल्ली विधानसभा चुनाव भी जीतेगी। आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में नकारात्मक राजनीति ही की है। योगी ने शनिवार को यहां एक कार्यक्रम में यह बात कही। विपक्षी दलों के सीएए विरोध से जुड़े सवाल पर सीएम ने कहा कि संविधान पर सवाल वही उठा रहे हैं जो विभाजन के लिए जिम्मेदार हैं।

सीएम ने चेतावनी भरे हुए लहजे में कहा, वोट बैंक की राजनीति करने वालों ने कानून को तोड़ना शुरू किया है। अगर आपको धरना प्रदर्शन करना है तो करें, लेकिन आज जनता के जीवन को बाधित नहीं किया जा सकता है। आप उपद्रव करके रहना चाहते हैं तो हम वही करेंगे, जो सही होगा। जुर्माना वसूलने पर सीएम ने कहा, पब्लिक प्रॉपर्टी में मेरे घर का पैसा नहीं लगा है। इसकी सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी है। विपक्ष के पास अब कोई काम नहीं रह गया है, वे सिर्फ अफवाहें फ़ैलाने में लगे हैं।

लखनऊ: घंटाघर पार्क में बीते नौ दिनों से नागरिकता संशोधन कानून (सीएए), राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्ट्रेशन (एनआरसी) और राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर (एनपीआर) के विरोध में प्रदर्शन कर रहीं महिलाओं ने शनिवार को पुलिस अधिकारियों पर अभद्रता का आरोप लगाया है। उनका आरोप है कि पुलिस उनके पुरुष मददगारों संग मारपीट कर उन्हें गिरफ्तार कर रही है। महिलाओं का आरोप है कि उन्होंने जब पुलिस के रवैये के खिलाफ बच्चों के साथ उन्हें गुलाब के फूल देने की कोशिश की तो पुलिस अधिकारी भड़क गए।

उधर, गोमतीनगर में भी महिलाओं का प्रदर्शन छठवें दिन भी जारी रहा। प्रदर्शनकारी महिलाओं का आरोप है कि शनिवार दोपहर में एसीपी पश्चिम विकास चन्द्र त्रिपाठी की अगुवाई में पुलिसकर्मी घंटाघर पहुंचे और उन्होंने पुरुषों को लाठियां फटकार कर भगाना शुरू कर दिया। प्रदर्शन में शामिल फौजिया का आरोप है कि पुलिस ने मारपीट की। उनका आरोप है कि पुलिस प्रदर्शन समाप्त करने का दबाव बना रही है। वहीं गोमतीनगर उजरियांव के गंज शहीदा कब्रिस्तान के निकट दरगाह परिसर में सोमवार की रात से शुरू हुआ महिलाओं का प्रदर्शन छठवें दिन शनिवार को भी जारी रहा। खुले आसमान के नीचे महिलाएं सर्द रातों में एनआरसी, सीएए के विरोध में डटी रहीं।

लखनऊ: राजधानी लखनऊ के हुसैनाबाद स्थित घंटाघर पर सीएए व एनआरसी के विरोध में चल रहे प्रदर्शन पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने कई महिलाओंं और पुरुषों को गिरफ्तार किया है। वहीं, अब घंटाघर पर आरएएफ तैनात कर दी गई है। शनिवार को लखनऊ पुलिस ने घंटाघर से पुरुषों की भीड़ को हटाया और प्रदर्शन कर रहीं महिलाओं के बीच से पूजा शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा पुलिस ने पुरुषों पर एफआईआर कर मौजूद वॉलिंटियर्स को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद घंटाघर पर आरएएफ तैनात कर दी गई है।

वहीं, प्रदर्शन कर रहीं महिलाओंं ने पुलिस पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। पुलिस लगातार घंटाघर के आस-पास गस्त कर रही है। आपको बता दें कि हुसैनाबाद स्थित घंटाघर पर सीएए व एनआरसी के विरोध में शनिवार को लगातार नौवें दिन महिलाओं का प्रदर्शन जारी था। प्रदर्शन स्थल पर रघुपति राघव राजा राम, पतित पावन सीता राम और सारे जहां से अच्छा हिन्दोस्तां हमारा जैसे देशभक्ति गीतों से विरोध को धार दी जा रही थी। इस दौरान पुलिस ने कार्रवाई कर दी।

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख