ताज़ा खबरें
चंडीगढ़ नहीं पहुंच पाए किसान, पंजाब में जगह-जगह किसानों ने दिया धरना
अबू आजमी को एकबार यूपी भेज दो, उपचार हम कर देंगे: सीएम योगी

लखनऊ: भाजपा सरकार के ढाई साल के कार्यकाल में पहली बार सपा नेताओं ने अपनी मांगों को लेकर राजभवन के बजाए मुख्यमंत्री आवास का रुख किया। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने उनकी बातें ध्यान से सुनीं और कहा कि कुछ भी गलत नहीं होने दिया जाएगा। सपा नेताओं ने मुख्यमंत्री के सामने अपने सांसद आजम खां का मुद्दा उठाया। उन्होंने रामपुर में जिला प्रशासन की आजम खां के खिलाफ की जा रही कार्यवाहियां तत्काल बंद करने की मांग की। यह भी कहा कि उनके खिलाफ साजिश में लगे अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए।

सपा अध्यक्ष अखिलेश के निर्देश पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पाण्डेय, नेता विरोधी दल विधानसभा राम गोविन्द चौधरी, नेता प्रतिपक्ष विधान परिषद अहमद हसन, प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, व पूर्व मंत्री बलराम यादव सुबह साढ़े नौ बजे मुख्यमंत्री मिलने उनके आवास गए। मुख्यमंत्री ने शिष्टाचार निभाते हुए उनका जलपान के साथ स्वागत किया। ज्ञापन में कहा गया है कि मोहम्मद आजम खां के खिलाफ सत्ता दल द्वारा बदले की भावना से, उन्हें अपमानित और परेशान करने के लिए, रोज नए-नए फर्जी मामले दर्ज कराए जा रहे हैं।

शाहजहांपुर: विधि की छात्रा से दुष्कर्म के आरोपी पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वामी चिन्मयानंद सहित चार लोगों को शुक्रवार को विशेष जांच दल (एसआईटी) ने गिरफ्तार किया है। एसआईटी प्रमुख और पुलिस महानिरीक्षक नवीन अरोड़ा ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि चिन्मयानंद को मसाज (मालिश) की वीडियो क्लिपिंग भी दिखायी गयीं, जिस पर पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा, 'जब आपको सब पता ही चल गया है तो मुझे कुछ नहीं कहना। मैं अपना अपराध स्वीकारता हूं और अपने कृत्य के लिए शर्मिन्दा हूं।'

अरोड़ा ने एक प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि चिन्मयानंद को जेल भेज दिया गया है। उन पर भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गयी है। अधिकारी ने बताया कि चिन्मयानंद को गिरफ्तार करने से पहले एक डाक्टर से सलाह ली गयी। उन्होंने बताया कि एसआईटी ने मोबाइल काल डिटेल के डिजिटल रिकॉर्ड और टोल टैक्स प्लाजा के फुटेज हासिल किए और इस तरह एसआईटी कड़ी से कड़ी जोड़ कर इस मामले में यहां तक पहुंची है। उन्होंने कहा, 'हमें पता लगा कि लडकी शाहजहांपुर से बरेली गयी और फिर शिमला जाकर दिल्ली चली गयी । इसके बाद लडकी की लोकेशन राजस्थान के दौसा में मिली।'

लखनऊ: सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर (एनआरसी) को डराने की राजनीति का जरिया करार देते हुए शुक्रवार को कहा कि अगर उत्तर प्रदेश में एनआरसी की कार्रवाई की गयी तो सबसे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को प्रदेश छोड़ना पड़ेगा। जरूरत पड़ने पर उत्तर प्रदेश में भी एनआरसी लागू करने के मुख्यमंत्री योगी के बयान के बारे में पूछे गये सवाल पर अखिलेश ने यहां संवाददाताओं से कहा 'यूपी में होगा तो सबसे पहले उन्हें (योगी) ही वापस जाना होगा। वह तो उत्तराखण्ड के मूल निवासी हैं। हमारे लिये तो आप यह अच्छी खबर बता रहे हैं।'

उन्होंने कहा, 'एनआरसी केवल डराने की राजनीति है। पहले ‘बांटो और राज करो’ होता था। अब डर की राजनीति हो रही है। हमने बांटने वालों को तो भगा दिया। अब हम सब मिलकर जनता को समझाएंगे तब ये डराने वाले लोग भी सरकार से हट जाएंगे।' उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने इस मुद्दे से कश्मीर के हालात को जोड़ते हुए कहा, सवाल यह है कि कश्मीर में घरों में बीमारों को इलाज मिल रहा है या नहीं? बच्चे स्कूल जा रहे हैं या नहीं, उन्हें सबकुछ मिल रहा है या नहीं? सरकार कह रही है कि हालात सामान्य हैं।

नई दिल्ली: यौन शोषण के आरोपी चिन्मयानंद को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में स्थानीय अदालत ने चिन्मयानंद को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा। इससे पहले कई दिनों की जद्दोजहद के बाद अंतत: यौन शोषण के आरोपी स्वामी चिन्मयानंद को शुक्रवार सुबह गिरफ्तार कर लिया गया। चिन्मयानंद को उनके ही कॉलेज की छात्रा और उसके पिता द्वारा दर्ज कराए गए यौन उत्पीड़न और दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी स्वामी के ही मुमुक्ष आश्रम से हुई।

बताया जा रहा है कि एसआईटी टीम ने यूपी पुलिस के साथ मिलकर चिन्मयानंद को शुक्रवार सुबह उनके मुमुक्षु आश्रम से गिरफ्तार किया गया है। एसआईटी की एक टीम ने चिन्मयानंद को मुमुक्षु आश्रम स्थित उनके दिव्य धाम से गिरफ्तार किया जिसके बाद उन्हें शाहजहांपुर के राजकीय मेडिकल कॉलेज में चिकित्सीय परीक्षण के लिए ले जाया गया। चिन्मयानंद की अधिवक्ता पूजा सिंह ने बताया कि एसआईटी की टीम बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ दिव्य धाम पहुंची और उसने चिन्मयानंद को गिरफ्तार कर लिया।

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख