ताज़ा खबरें
'जब तक मैं जिंदा हूं, किसी योग्य शिक्षक की नौकरी नहीं जाएगी': ममता
राहुल गांधी बेगुसराय में 'पलायन रोको नौकरी दो' यात्रा में हुए शामिल
यूपी: पूर्व विधायक विनय शंकर तिवारी के दस ठिकानों पर ईडी के छापे
सेंसेक्स 3000 अंक गिरा, निफ्टी भी 1000 अंक लुढ़का, 19 करोड़ स्वाहा
किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने 131 दिन बाद खत्म किया अनशन

नई दिल्ली (जनादेश ब्यूरो): आम आदमी पार्टी (आप) के साथ गठबंधन न होने पर कांग्रेस ने अपने दम पर चुनाव में उतरने के लिए उम्मीदवार तय करने शुरू कर दिए। इस संबंध में बृहस्पतिवार को स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक हुई। दिल्ली के विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपने 21 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है। पटपड़गंज से पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व विधायक अनिल चौधरी को टिकट दिया गया है। इस सीट से आम आदमी पार्टी ने अवध ओझा को टिकट दिया है। पहले पटपड़गंज आम आदमी पार्टी के नेता और पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया का विधानसभा क्षेत्र था। पार्टी ने पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल के सामने नई दिल्ली विधानसभा सीट से पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के बेटे संदीप दीक्षित को उम्मीदवार घोषित किया है।

कांग्रेस ने नरेला से अरुणा कुमारी, बुराड़ी से मंगेश त्यागी, आदर्श नगर से शिवंक सिंघल, बदली से देवेंदर यादव, सुल्तानपुर माजरा से जय किशन, नांगलोई जाट से रोहित चौधरी, शालीमार बाग से प्रवीण जैन, वजीरपुर से रागिनी नायक, सदर बाजार से अनिल भारद्वाज को टिकट दिया है।

नई दिल्ली (जनादेश ब्यूरो): महिला सम्मान योजना को दिल्ली सरकार की कैबिनेट से मंजूरी मिल गई है। इस योजना के तहत महिलाओं को 1000 रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी। आज सुबह हुई दिल्ली सरकार की कैबिनेट बैठक में इस योजना को मंजूरी दे दी गई है। इससे पहले वित्त विभाग ने इस योजना पर आपत्ति जताई थी। अरविंद केजरीवाल ने इसे आप की सातवीं रेवड़ी बताया था।

हर महीने महिलाओं को मिलेंगे ₹2100

इस योजना की घोषणा करते हुए दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली सरकार ने अपना वादा पूरा किया है। दिल्ली में महिला सम्मान योजना लागू कर दी गई है। महिलाओं के खाते में 1000 रुपये डाले जाएंगे। 2025 में सरकार बनने पर इसे 2100 रुपये कर दिया जाएगा। रजिस्ट्रेशन के बाद पैसा आना शुरू हो जाएगा। ये सम्मान महिलाओं का अधिकार है। केजरीवाल जो ठान लेता है वो करके रहता है। जो बोला वो करके दिखाया माताओं-बहनों को उनका हक मिलेगा। उन्होंने कहा, मैंने वादा किया था कि हर महिला को 1,000 रुपये दूंगा। आज आतिशी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में प्रस्ताव पारित किया गया।

नई दिल्ली: पहाड़ों से आने वाली ठंडी हवाओं ने दिल्ली में सर्दी का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। दिल्ली में 28 साल बाद 11 दिसंबर की सुबह लोगों को शीतलहर ने सताया। इस दौरान मंगलवार के मुकाबले पांच डिग्री कम न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि 3.8 डिग्री सेल्सियस तापमान आया नगर में दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार और शुक्रवार के लिए शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया है। ऐसे में न्यूनतम तापमान चार से छह डिग्री रहने का अनुमान है।

इससे पहले 11 दिसंबर, 1996 को 2.3 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया था। सफदरजंग वेधशाला में अब तक का सबसे कम न्यूनतम तापमान 27 दिसंबर, 1930 को 0.0 डिग्री सेल्सियस था। मौसम विभाग का मानना है कि तापमान में अचानक गिरावट का कारण हिमालय से आने वाली ठंडी हवाएं हैं। पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होने से हवा का प्रवाह बदला है। तापमान में कमी आई है। वहीं, अधिकतम तापमान भी सामान्य से दो डिग्री नीचे रहा, जो 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसमें 24 घंटे के भीतर 2 डिग्री की कमी दर्ज की गई।

नई दिल्ली (जनादेश ब्यूरो): दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन की खबरों पर अरविंद केजरीवाल ने विराम लगा दिया है। केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी दिल्ली में अपने बलबूते पर चुनाव लड़ेगी। कांग्रेस के साथ किसी भी तरह के गठबंधन की संभावना नहीं है।

इससे पहले मीडिया रिपोर्टस में सूत्रों के हवाले से बताया गया था कि आप और कांग्रेस के बीच गठबंधन की बात अंतिम चरण में है। गठबंधन में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के अलावा इंडिया गठबंधन के कुछ अन्य दलों को भी शामिल करने की बात सामने आ रही है। कांग्रेस को 15 सीटें और अन्य इंडिया गठबंधन सदस्यों को 1 या 2 सीटें मिल सकती है। बाकी सीटों पर आम आदमी पार्टी खुद चुनाव लड़ेगी।

दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी अब तक दो सूची जारी कर चुकी है। पहली सूची में पार्टी 11 सीटों पर उम्मीदवारों का एलान किया। वहीं, दूसरी सूची में सोमवार को 20 सीटों के लिए प्रत्याशी घोषित किए गए। जानकारी के लिए बता दें कि दिल्ली में अगले साल 2025 में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं।

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख