लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि विपक्ष के लिए सत्ता भ्रष्टाचार व बेईमानी का माध्यम है। राजनीति के अराजकता के मूल में वंशवाद और व्यक्तिवाद है। कांग्रेस, सपा, बसपा और आरजेडी का लोकतंत्र से कोई सरोकार नहीं है। इनके लिए अपना और अपनों की भलाई ही सर्वोपरि है। योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को झारखंड के गढ़वा और पलामू में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा को छोड़ सभी प्रमुख दलों में वंशवाद और व्यक्तिवाद की राजनीति ही प्रभावी है। ऐसी राजनीति में सामान्य कार्यकर्ताओं को अवसर नहीं मिलता। भाजपा में छोटा से छोटा कार्यकर्ता अपनी काबलियत के बूते देश और प्रदेश के शीर्ष पदों पर पहुंच सकता है।
उन्होंने विपक्ष पर हमला करते हुए कहा कि बसपा यहां कांग्रेस की मदद करने आई है। यह वही कांग्रेस और आरजेडी है जिसने बाबा साहब का अपमान किया था। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश भगवान श्रीराम की जन्मभूमि है, कृष्ण की जन्मभूमि है, देवाधि-देव महादेव की भूमि है। सुप्रीम कोर्ट ने अयोध्या में भगवान राम के मंदिर के निर्माण लंबित मामले का समाधान कर दिया।
अयोध्या में केवल और केवल जय श्रीराम होगा। राम जन्मभूमि के समय जो आंदोलन चला था, उसमें भी 'बच्चा-बच्चा राम का, जन्मभूमि के काम का', नारा लेकर झारखंड निकला था। जो लोग कहते थे कि मंदिर के पक्ष में फैसला आया तो खून की नदियां बहेंगी वह सारे लोग गायब हो गए। एक मच्छर भी नहीं मरा। योगी ने कहा कि भाजपा सरकार में देश की हर समस्या का समाधान हो रहा है। तीन तलाक की कुप्रथा को खत्म किया गया। पांच वर्ष पहले झारखंड में गरीबों को मकान, शौचालय, रसोई गैस के कनेक्शन, बिजली के कनेक्शन नहीं मिलते थे। नौकरी नहीं थी, रोजगार नहीं था। चारों तरफ अराजकता थी, नक्सलवाद था। गुंडागर्दी थी, लूट खसोट करने वाले माफियाओं का राज था। लोगों ने भाजपा पर विश्वास किया।
पांच साल में एक लाख नौजवानों को नौकरी दी
सरकार बनाई तो पांच वर्ष में एक लाख से ज्यादा नौजवानों को झारखंड में नौकरी मिली। 50 हजार नौकरी की प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से आगे बढ़ाई गई है। योगी ने कहा कि आज हम भगवान बिरसा मुंडा की धरती पर आए हैं, तो आप सबको आमंत्रण देता हूं कि रघुवर दास के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनाइए और अयोध्या में रामलला के दर्शन करने आएं।