लखनऊ: यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने महाराष्ट्र की राजनीति के सहारे भाजपा पर तंज किया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि आज संविधान दिवस पर संविधान को मानने वालों की जीत हुई और नकारने वालों की करारी हार। उन्होंने आगे ये भी लिखा कि विशेष सांविधानिक शक्ति के दुरुपयोग के लिए नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए किसी और को भी इस्तीफा दे देना चाहिए, जिनकी ‘भोर की भूल’ ने आज देश को सारे विश्व के सामने शर्मिंदा किया है।
बता दें कि महाराष्ट्र के राजनीतिक घटनाक्रम में मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट ने भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस को बुधवार शाम 5 बजे बहुमत साबित करने का आदेश दिया। कोर्ट के फैसले के बाद 23 नवंबर को उप मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले अजित पवार ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। जिसके कुछ देर बात ही देवेंद्र फडणवीस ने भी बहुमत साबित न करने की बात कहते हुए राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया।
महाराष्ट्र के राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर प्रदेश में राज्यपाल व देश के राष्ट्रपति पर भी उनकी भूमिका को लेकर सवाल उठ रहे हैं।