ताज़ा खबरें
जम्मू-कश्मीर विधानसभा में बिलावर हत्याकांड गुलमर्ग फैशन शो पर हंगामा
तेलंगाना सुरंग हादसा: 16 दिन बाद टनल से एक व्यक्ति का शव मिला
भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी जीती, चार विकेट से न्यूजीलैंड को दी शिकस्त

लखनऊ: नागरिकता कानून पर उत्तर प्रदेश में हिंसा की आग एक बार फिर से भड़क गई है। पहले कानपुर फिर फिरोजाबाद और अब बहराइच में बवाल हुआ है। कानपुर में उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव किया है। पुलिस ने भीड़ पर लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले भी छोड़े हैं। कानपुर में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच फायरिंग में 3 को लगी गोली है। वहीं, फिरोजाबाद में धार्मिक स्थल से इबादत के बाद निकले लोग पुलिस से भिड़ गए। पुलिस पर जबरदस्त पथराव किया गया। कई गाड़ियों में आग लगा दी गई। कुछ उपद्रवियों ने फायरिंग भी की है। इसके अलावा गोरखपुर और हापुड़ जिले में भी पथराव हुआ है। हापुड़ में वाहनों में तोड़फोड़ की गई है। यहां उपद्रवियों ने पथराव भी किया है।अमरोहा में उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव किया है। वहीं, बुलंदशहर में भी उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव किया और फिर तोड़फोड़ की।

कानपुर में पथराव-लाठीचार्ज और फायरिंग

कानपुर के परेड चौराहे पर नागरिकता कानून का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों ने उपद्रव मचाया और पुलिस पर पथराव किया। उपद्रवियों ने कई वाहनों को भी आग के हवाले कर दिया।

जिसमें सीओ सहित कई पुलिस वाले जख्मी हो गए। बाबूपुरवा में उग्र प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हुई फायरिंग में तीन लोगों को गोली लगी है। उन्हें हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा बवाल में दर्जन भर से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। कानपुर के बाबूपुरावा, मछरिया सहित कई क्षेत्राें में लोग प्रदर्शन करने के लिए सड़कों पर उतरे थे।

बिजनौर में नमाज के बाद उग्र प्रदर्शन

बिजनौर में जुमे की नमाज के बाद हजारों की संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग सिविल लाइन क्षेत्र में पहुंच गए और हंगामा प्रदर्शन किया। सिविल लाइन क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और नारेबाजी और प्रदर्शन किया। इस दौरान हंगामा कर रहे लोगों ने जमकर पथराव किया और विरोध प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंची पुलिस फोर्स ने स्थिति संभाली लेकिन तब तक प्रदर्शनकारी कई वाहनों में तोड़फोड़ कर चुके थे।

भदोही में जुमे की नमाज के बाद प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर की पत्थरबाजी

नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में जगह-जगह हो रहे हिंसक प्रदर्शन को देखते हुए कालीन नगरी भदोही में जिला प्रशासन ने शुक्रवार को दिन में कुछ देर के लिए इंटरनेट सेवा भी बाधित कर दी थी। लेकिन जुमे की नमाज के लोगों ने उग्र प्रदर्शन किया और इस दौरान भीड़ ने बीचबचाव करने वाली पुलिस पर पत्थरबाजी की। अंत में पुलिस ने भी भीड़ को तितरबितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और हल्का लाठी चार्ज भी किया।

दरअसल, जनपद के सबसे बड़े नगर भदोही के काजीपुरा में स्थित एक मस्जिद में दोपहर में जुमे की नमाज के बाद इस कानून के विरोध जताने के लिए 500 से 600 लोग जुलूस की शक्ल में लोग इकट्ठा हुए और नारेबाजी करते हुए अजिमुल्ला चौराहे की तरफ जाने लगे। यहां जब पहले से मौजूद पुलिस ने आगे बढ़ने से रोका, तो प्रदर्शनकारियों ने रास्ता बदलते हुए जानू शहीद बाबा मजार के रास्ते से स्टेशन रोड की तरफ जाने लगे। जब पुलिस ने एक तिराहे पर प्रदर्शनकारियों को रोका, तो आक्रोशितों ने पुलिस पर पत्थरबाजी कर दी। ऐसे में भीड़ को हटाने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने 3 मोटरसाइकिलों और एक कार को क्षतिग्रस्त कर दिया।

मेरठ में प्रदर्शनकारियों को लाठीचार्ज कर खदेड़ा

मेरठ में जहां जुमे की नमाज शांतिपूर्ण हुई। वहीं कोतवाली क्षेत्र में कुछ लोगों द्वारा नागरिकता कानून के विरोध में प्रदर्शन के लिए पर्चे बांटने की सूचना पर पुलिस सर्तक हो गई। पुलिस के रोके जाने पर यहां मौजूद भीड़ ने हंगामा कर दिया जिस पर पुलिस और हंगामा कर रहे लोगों के बीच तीखी झड़प हुई। आखिरकार पुलिस को जबरदस्त हंगामा कर रहे लोगों को लाठीचार्ज कर खदेड़ना पड़ा। पुलिस ने पांच छह युवकों को हिरासत में ले लिया है।

मुजफ्फरनगर जुमे की नमाज के बाद सड़कों पर उतरे हजारों लोग

नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में जुमे की नमाज के बाद बाद मुस्लिम समुदाय के हजारों लोगों ने प्रदर्शन किया। यहां खालापार से नमाज पढ़कर हंगामा करते लोग मीनाक्षी चौक की तरफ बढ़ रहे थे। जहां पुलिस से प्रदर्शनकारियों की तीखी झड़प हुई। मुजफ्फरनगर में लोगों ने कच्ची सड़क, मदीना चौक पर प्रदर्शन किया जहां पुलिस ने रोका लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं मानें। इस दौरान प्रदर्शनकारी उग्र हो गए और पुलिस पर पथराव भी किया। प्रदर्शनकारियों ने एक बाइक और एक वैगनार में तोड़फोड़ की है। इस्लामिया कॉलेज में प्रदर्शनकारी प्रदर्शन कर रहे हैं। पथराव के दौरान कुछ पुलिसकर्मी घायल भी हो गए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गोरखपुर में बवाल, एडिशनल एसपी की गाड़ी का शीशा तोड़ा

देश के विभिन्न हिस्सों में नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के विरोध को देखते हुए गोरखपुर में नखास में भीड़ बेकाबू हो गई है। भीड़ को समझाने आई पुलिस पर पथराव किया गया तो पुलिस ने भी लाठीचार्ज किया।आंसू गैस के गोले छोड़े जाने की भी सूचना मिल रही है। एडिशनल एसपी की गाड़ी का शीशा भी तोड़ दिया। एसएसपी सुनील कुमार गुप्ता ने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है पुलिस पर पथराव करने वालों के साथ सख्ती पर की गई है इस मामले में जो भी लोग लिप्त हैं उन सब के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, पुलिस अलर्ट पर है।

इधर मदीना चौक पर दो युवकों को संदिग्ध मानते हुए भीड़ ने पीट दिया। दोनों को नागरिक सुरक्षा कोर के एक पदाधिकारी के घर में छिपाया गया है। दोनों का नाम विकास जलाना और सत्य प्रकाश है। एडीएम सिटी राकेश कुमार श्रीवास्तव मौलवी की मदद से भीड़ को समझाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन भीड़ हटने को तैयार नहीं है, दोनों को भीड़ के हवाले करने की मांग पर अड़ी है। सर्तकता को देखते हुए सुबह से ही बड़ी मस्जिद इलाके में यानी सह मारूफ घंटाघर में दुकानें बंद कराई जा रही थी। जुमा की नमाज के बाद भारी तादात में मस्जिद पहुंचे लोगों ने बाहर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस उन्हें मनाने का प्रयास कर रही है।

बुलंदशहर में पथराव

बुलंदशहर में जुमे की नमाज़ के बाद उपरकोट में प्रदर्शन के दौरान पथराव हुआ। पुलिस की गाड़ियों में तोड़फोड़ हुई है। पुलिस ने आंसू गैस छोड़कर प्रदर्शनकारियों को तितर बितर किया है।

अमरोहा में उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव किया

वहीं, अमरोहा में उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव किया है। इस दौरान पुलिस ने भीड़ पर लाठीचार्ज कर दिया। यहां भीड़ ने तीन बाइकों को आग के हवाले कर दिया। फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण हैं। संभल के चंदौसी चौराहे पर भी प्रदर्शनकारी जमा हो गए हैं। यहां पर इंटरनेट बंद कर दिया गया है। वहीं, रामपुर में भी नागरिकता कानून का विरोध जारी है। शनिवार को उलेमाओं ने बंद बुलाया है। मुरादाबाद में पीएम मोदी और अमित शाह के खिलाफ नारेबाजी हुई। इसके अलावा प्रदर्शनकारियों ने काली पट्टी बांधकर विरोध जताया है। धारा 144 का उल्लंघन किया जा रहा है।

हापुड़ में प्रदर्शनकारियों ने वाहनों में की तोड़फोड़, पुलिस का लाठीचार्ज

उत्तर प्रदेश के हापुड़ और गोरखपुर जिले में भी पथराव हुआ है। हापुड़ में प्रदर्शनकारियों ने वाहनों में तोड़फोड़ की है। इस दौरान उपद्रवियों ने पथराव भी किया। हापुड़ में हजारों की भीड़ दोपहर की नमाज के बाद बुलंदशहर रोड से जुलूस के रूप में तहसील चौपला पहुंची थी। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज भी किया।

नागरिकता कानून पर फिरोजाबाद में जबरदस्त बवाल

फिरोजाबाद में नागरिकता संशोधन कानून का जबरदस्त विरोध हो रहा है। शुक्रवार को थाना रसूलपुर क्षेत्र में धार्मिक स्थल से इबादत के बाद निकले लोग पुलिस से भिड़ गए। पुलिस पर जबरदस्त पथराव किया गया। कई गाड़ियों में आग लगा दी गई। कुछ उपद्रवियों ने फायरिंग भी की है। इस घटना में कुछ पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। पूरे क्षेत्र में तनावपूर्ण हालात बने हुए हैं।शुक्रवार को नागरिकता संशोधन कानून के विरोध के चलते फिरोजाबाद क्षेत्र में मोबाइल-इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई थी।

फिरोजाबाद में चूड़ी के कारखाने भी बंद कर दिए गए थे। रोडवेज की गाड़ियों को बाईपास से गुजारा जा रहा था। संवेदनशील स्थानों पर भारी पुलिसबल तैनात किया गया था। शुक्रवार दोपहर को जब नालबंद क्षेत्र में एक इबादतगाह से लोग जत्थे के रूप में निकले तो पुलिस ने उन्हें रोका। बाजारों की ओर जाने से रोकने पर लोगों ने पुलिस फोर्स पर पथराव कर दिया। आरोप है कि पुलिस ने हवाई फायरिंग की तो उपद्रवियों ने भी फायरिंग कर डाली। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। पुलिस पर जबरदस्त पथराव हुआ जिसमें कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए। आनन-फानन में इस घटना की सूचना पुलिस के आला अधिकारियों को दी गई। पुलिस की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची। लेकिन, उपद्रवियों ने पुलिस और आम जनता की कुछ गाड़ियों में आग लगा दी। उपद्रवियों ने दमकल की गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की। रसूलपुर क्षेत्र में मचे इस बवाल से बाजारों के शटर धड़ाधड़ गिरने लगे। बाजार में महिला-पुरुष अपनी जान बचाकर भागने लगे। पूरा बाजार बंद कर दिया गया। फिरोजाबाद के हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं।

लखनऊ में बड़े इमामबाड़े में जुमे की नमाज़ सकुशल सम्पन्न

पुराने लखनऊ में बड़े इमामबाड़े में जुमे की नमाज़ सकुशल सम्पन्न हुई। नमाज़ पढ़कर नमाज़ी अपने अपने घर चले गए। अभी तक पूरी तरह शांति है। एसीएस होम अवनीश अवस्थी खुद पुराने लखनऊ में मौजूद हैं।

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख