लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि अयोध्या में राम मंदिर के मामले में सुप्रीम कोर्ट का जो भी फैसला होगा, उसे यूपी सरकार पूरी तरह लागू करेगी। मुख्यमंत्री ने यह बात बुधवार को यहां आयोजित एक अवार्ड वितरण कार्यक्रम में कही। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कुछ हस्तियों को अवार्ड देकर सम्मानित किया। योगी ने कहा कि उनकी सरकार कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार के मामले में जीरो टालरेंस की नीति पर चल रही है। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के साथ सरकार सख्ती से निपट रही है। पहले की सरकारों में जहां प्रदेश में जंगलराज था, वहीं उनकी सरकार में लोग खासकर महिलाएं सुरक्षित महसूस कर रही हैं।
मुख्यमंत्री ने तीन तलाक के मुद्दे पर कहा कि तीन तलाक केंद्र सरकार ने मुस्लिम महिलाओं की भलाई के लिए लागू किया है। इस कानून के लागू होने से तीन तलाक पीड़ित महिलाओं को कानूनी रूप से संरक्षण मिल गया है। तीन तलाक देने वालों के खिलाफ इस कानून से कार्रवाई का रास्ता खुल गया है।
जम्मू और कश्मीर से अनुच्छेद-370 हटाने के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अनुच्छेद-370 हटाना वर्षों से लंबित था। उनकी समझ में नहीं आता कि यह अस्थाई व्यवस्था क्यों लागू की और लागू की तो क्यों वर्षों लंबित रही। इसे क्यों नहीं हटाया गया। इसका जवाब कांग्रेस के पास नहीं है। अंतत: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने साहस दिखाते हुए इसे हटाकर जम्मू-कश्मीर के विकास का रास्ता खोल दिया है।
उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और यूपी की भाजपा सरकार महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण पर खास ध्यान दे रही है। उनके कल्याण और सशक्तिकरण की दिशा में कई कदम उठाए गए हैं। बेटी बढ़ाओ और बेटी पढ़ाओ भी महिला सशक्तिकरण का ही हिस्सा है।
योगी ने कहा कि यूपी सरकार ने भी हाल ही में मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना की शुरूआत की है जिसके जरिए बेटी के जन्म से लेकर उसकी पढ़ाई व विवाह की व्यवस्था की गई है। इससे बेटियां अपन पांव पर खड़ी हो सकेंगी। यह भी सरकार का महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।