नोएडा: फिल्म सिटी स्थित एक समाचार चैनल के स्टूडियो में चर्चा के दौरान सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनुराग भदौरिया ने भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया को धक्का दे दिया। दोनों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। भाटिया की शिकायत पर पुलिस ने भदौरिया को हिरासत में ले लिया। इसके बाद सपा कार्यकर्ता थाने के बाहर धरने पर बैठ गए। सेक्टर-16ए फिल्म सिटी में शनिवार दोपहर 2:20 बजे निजी समचार चैनल के स्टूडियो में राजनीतिक बहस चल रही थी। बहस में कांग्रेस, सपा, भाजपा के प्रवक्ता समेत अन्य लोग भाग ले रहे थे।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा और सपा प्रवक्ता में तीखी बहस हो गई। इसी दौरान सपा प्रवक्ता ने गौरव भाटिया को धक्का दे दिया। मामले को वहां मौजूद अन्य लोगों ने दोनों को संभाला। इसके बाद गौरव भाटिया ने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने अनुराग भदौरिया को हिरासत में ले लिया और कोतवाली ले आई। जब इसकी जानकारी सपा के नेताओं को लगी तो वह फिल्म सिटी की तरफ दौड़ पड़े। पुलिस की गाड़ी का पीछा करते हुए राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर और पूर्व प्रत्याशी सुनील चौधरी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता कोतवाली सेक्टर-20 पहुंच गए।
कार्यकर्ताओं की भीड़ देखकर पुलिस भदौरिया को एक्सप्रेस-वे थाने ले गई, लेकिन वहां भी बड़ी संख्या में कार्यकार्ता पहुंच गए और नारेबाजी करने लगे। एसएसपी अजयपाल शर्मा ने बताया कि गौरव भाटिया की तहरीर पर पुलिस ने भदौरिया के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनुराग भदौरिया ने कहा, न्यूज चैनल में बहस चल रही थी। इसी दौरान गौरव भाटिया गाली-गलौच करने लगे। विरोध किया तो वह मुझे पीटने के लिए भागे तो मैंने दोनों हाथों से रोक लिया। शिकायत मिलने पर पहुंची पुलिस मुझे थाने ले आई। मुझे छह घंटे से बिना गलती के मुझे बैठा रखा है। पुलिस एकतरफा कार्रवाई कर रही है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा, बहस में हिस्सा लेने के दौरान सपा प्रवक्ता अनुराग भदौरिया ने मेरे साथ मारपीट शुरू कर दी। मैं भी ऐसा कर सकता था लेकिन मैं कानून को मानने वाला नागरिक हूं। मैंने पुलिस से शिकायत कर दी है। अब कानून अपना काम करेगा।