चंडीगढ़: दिल्ली में आम आदमी पार्टी की बड़ी हार के बाद इसका असर पंजाब में भी दिखने लगा है। इस बीच भगवंत मान सरकार ने बड़े फैसले लिए हैं। भगवंत मान सरकार ने कुलदीप सिंह धालीवाल से प्रशासनिक सुधार विभाग वापस ले लिया। अब कुलदीप धालीवाल केवल एनआरआई मामलों को संभालेंगे।
गृह विभाग ने 21 आईपीएस अधिकारियों का किया तबादला
भगवंत मान सरकार ने शुक्रवार शाम दूसरा बड़ा फैसला पुलिस विभाग में प्रशासनिक फेरबदल का लिया। जिसके तहत पंजाब के गृह विभाग ने 21 आईपीएस अधिकारियों का तबादला कर दिया। जिसमें कई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी), पुलिस आयुक्त (सीपी) और उप महानिरीक्षक (डीआईजी) शामिल हैं।
इस फेरबदल में फिरोजपुर और लुधियाना रेंज के डीआईजी, एआईजी इंटेलिजेंस, एआईजी क्राइम, गवर्नर के एडीसी, गुरदासपुर, अमृतसर (ग्रामीण), बरनाला, खन्ना, श्री फतेहगढ़ साहिब, लुधियाना (ग्रामीण), फिरोजपुर, श्री मुक्तसर साहिब और होशियारपुर के एसएसपी बदले गए हैं।
पंजाब सरकार ने शुक्रवार शाम को सबसे पहले मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल से प्रशासनिक सुधार विभाग छीन लिया। जिसके लिए पंजाब के राज्यपाल ने सीएम भगवंत मान की सलाह पर गजट नोटिफिकेशन जारी किया। अब धालीवाल केवल एनआरआई मामलों को संभालेंगे।