लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने शनिवार को बुंदशहर हिंसा को भाजपा की साजिश करार दिया और कहा कि भाजपा 2019 में जीतने के लिए वोट बैंक के चक्कर में यह सब करवा रही है। राजभर ने कहा कि बहराइच से भाजपा सांसद सावित्रीबाई फुले का इस्तीफा देना बहुत सही निर्णय है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में सांसदों और विधायकों की सुनी नहीं जा रही है। ऐसे में उन्होंने जो निर्णय लिया है, वह बिल्कुल ठीक है।
बता दें कि बीते दिनों दलित नेता सावित्रीबाई फुले भाजपा से इस्तीफा दिया था और यह आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी समाज को बांटने की कोशिश कर रही है। ओम प्रकाश राजभर ने कहा, "जब सांसद की बात अधिकारी नहीं सुनेगा तो क्या होगा। सांसद को जनता को जवाब देना पड़ता है। ऐसे में उनका निर्णय कहीं न कहीं बिलकुल उचित है।" उन्होंने एक बार फिर बुलंदशहर की हिंसा को भाजपा की साजिश बताते हुए कहा कि 2019 में वोट बैंक के चक्कर में भाजपा यह सब करवा रही है।
राजभर ने एक सवाल के जवाब में कहा कि आप को भी गठबंधन को लेकर कोई निर्णय लेना पड़े तो क्या करेंगें? उन्होंने कहा, "मैं स्वतंत्र हूं और भाजपा के साथ हूं। भाजपा रखेगी तो रहूंगा, नहीं रखेगी तो नहीं रहूंगा। मैं किसी के खिलाफ नहीं बोलता बस सच बोलता हूं। अगर सपा, बसपा का गठजोड़ हुआ तो भाजपा के लिए मुश्किल होगी।"