लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में विकास कार्य लम्बे समय से ठप्प है। जनहित का कोई काम नहीं हो रहा है। मुख्यमंत्री और उनके सहयोगी मंत्री अपने राज्य की चिंता छोड़कर दूसरे प्रदेशों में भाजपा के प्रचार में जुटे रहते हैं। उनकी चिंता अन्य प्रदेशों में भाजपा सरकार बनाने की है। उत्तर प्रदेश के बजाय 2019 में केन्द्र में भाजपा को बचाए रखना उनकी प्राथमिकता में हैं। अखिलेश ने यह बात गुरुवार को लखनऊ में पार्टी मुख्यालय में दूरदराज से आए कार्यकर्ताओं से कही।
यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था का बुरा हाल है। अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं। जेलों में अपराधी बंदियों की दबंगई चल रही है। हत्या, लूट, अपहरण की घटनाओं की बाढ़ आ गई है। पुलिस का मनोबल गिरा हुआ है।
सपा प्रमुख ने कहा कि समाज में आज जो तनाव है उसके पीछे भाजपा की समाज को बांटने वाली नीतियां हैं। हर कोई परेशान है। भाजपा नफरत की राजनीति कर रही है जो विकास कार्य समाजवादी सरकार में चल रहे थे उन्हें भी अवरुद्ध कर दिया गया है। अब तक के पूरे कार्यकाल में भाजपा सरकार ने एक भी ऐसा काम नहीं किया है जिसका उल्लेख किया जा सके। भाजपा सरकार से पीड़ित लोग इस सच्चाई से अवगत है। इंतजार सिर्फ 2019 का है।
युवाओं ने अखिलेश से अपनी चिंता जताई
युवाओं ने अखिलेश से रोजगार और अपने भविष्य की चिंता जताई। नोएडा से आए कुछ नौजवानों ने बताया कि उनकी कंपनियों में ताला बंदी हो गई है जिसमें तमाम युवा कर्मी बाहर हो गए हैं। बेरोजगारी की मार से वे सब दुःखी हैं। बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाजपा सरकार द्वारा उत्पीड़न की कार्यवाहियों के बारे में भी बताया। गरीब, बीमार, उत्पीड़न के शिकार लखनऊ में सड़कों पर मारे-मारे धक्के खा रहे हैं उनकी सुनने वाला कोई नहीं।