ताज़ा खबरें
एसआईआर के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन आजादी की दूसरी लड़ाई: खड़गे
जेडीयू से बाहर निकाले जाने पर अनंत सिंह बोले- बनाऊंगा अपनी पार्टी
रामलीला मैदान की रैली से पहले राहुल बोले- बीजेपी का दिल से धन्यवाद

शिमला: हिमाचल प्रदेश के चंबा कस्बे को पंजाब के पठानकोट से जोडऩे वाला कंक्रीट का बना महत्वपूर्ण पुल गुरुवार को धराशायी हो गया, जिसमें कम से कम पांच लोग घायल हो गए। चंबा-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग के बीच बना यह पुल किस कारण गिरा, यह अभी पता नहीं चला है।

दोहरी लेन वाला यह पुल चंबा से छह किलोमीटर और शिमला से 450 किलोमीटर की दूरी पर परेल में है। ईंट लदा एक मिनी ट्रक इस टूटे हुए पुल में अब भी फंसा है। चंबा के उपायुक्त सुदेश मोख्ता ने कहा, हमने जांच का आदेश दिया है।

घायलों को चंबा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि रावी नदी पर बने इस पुल में टकराकर मिनी ट्रक सहित चार वाहन फंसे हुए हैं। गनीमत रही कि दिवाली के कारण ब्रिज पर ज्यादा भीड़ नहीं थी।

जिला कलेक्टर सुदेश कुमार मोक्ता ने इस बारे में कहा कि, ऐसा लगता है कि ब्रिज घटिया कंस्ट्रक्शन मटेरियल से बनाया गया और इसका डिजाइन भी गलत है। जिस कारण यह ब्रिज बीच से टूटकर गिर पड़ा।

नई दिल्ली: हिमाचल प्रदेश का चुनावी बिगुल बजने के साथ ही राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भाजपा द्वारा पार्टी उम्मीदवारों का ऐलान करने के बाद अब कांग्रेस ने भी अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है।

हिमाचल प्रदेश चुनाव के लिए कांग्रेस ने 59 उम्मीदवारों की सूची जारी की है। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह अरकी विधानसभा सीट से और प्रदेश कांग्रेस प्रमुख सुखविंदर सिंह सुक्खू नादौन सीट से चुनाव लड़ेंगे। कांग्रेस की केन्द्रीय चुनाव समिति के अध्यक्ष आस्कर फर्नाडिज ने बुधवार को यह सूची जारी की।

इसके तहत वीरभद्र सिंह को राज्य में सोलन जिले की अरकी सीट से टिकट दिया गया है। वर्तमान में वह शिमला ग्रामीण क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू को नादौन से टिकट दिया गया है। प्रदेश की एक अन्य प्रमुख नेता आशा कुमारी को डलहौजी से उतारा गया है। पार्टी ने विप्लव ठाकुर को देहरा से टिकट दिया है।

नई दिल्ली: हिमाचल प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को सभी 68 सीटों के लिए अपने उम्मीदवार घोषित किए। हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल सुजानपुर से चुनाव लड़ेंगे।

वहीं, कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए अनिल शर्मा मंडी के मंडी से चुनाव लड़ने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश में 9 नवंबर को एक चरण में वोटिंग होगी और नतीजे 18 दिसंबर को आएंगे।

गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप देने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं भाजपा अध्यक्ष अमित शाह सहित शीर्ष नेताओं ने शनिवार को बैठक की थी। प्रत्याशियों के चयन को लेकर करीब दो घंटे मंथन किया गया।

भाजपा के एक नेता ने बताया कि पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) ने 68 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव के लिए संभावित उम्मीदवारों के नामों पर दो घंटे से ज्यादा समय तक विचार विमर्श किया था।

शिमला: हिमाचल प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने शनिवार को राजनीतिक दलों को आगामी प्रदेश विधानसभा चुनाव में 28 लाख रुपये की अधिकतम व्यय सीमा का पालन करने तथा 20,000 रुपये से ज्यादा के सभी भुगतान एकाउंट पेई चेक के जरिए करने के निर्देश दिए।

यहां सभी दलों के प्रतिनिधियों की एक बैठक बुलाने वाले मुख्य निर्वाचन अधिकारी पुष्पेंद्र राजपूत ने कहा कि हर उम्मीदवार को चुनाव खर्च के लिए अलग बैंक खाते खोलने होंगे तथा उम्मीदवार एवं उसके चुनाव एजेंट संयुक्त खाता खोल सकते हैं।

उन्होंने कहा कि चुनाव खर्च में जनसभाओं एवं रैलियों, पोस्टर, बैनर एवं प्रिंट तथा इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के विज्ञापन पर होने वाले खर्च शामिल हैं। हिमाचल प्रदेश विधानसभा की 68 सीटों के लिए नौ नवंबर को मतदान होगा और नतीजे 18 दिसंबर को घोषित होंगे।

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख