नई दिल्ली: भारतीय शेयर बाजार ने सोमवार की बड़ी गिरावट के बाद मंगलवार को जोरदार वापसी की है। सुबह की ट्रेडिंग में बीएसई सेंसेक्स 800 अंक से ज्यादा चढ़ गया और निफ्टी भी 22,400 के पार निकल गया। बाजार में यह तेजी एशियाई बाजारों की रिकवरी और अमेरिकी फ्यूचर्स में मजबूती के चलते आई है। सुबह 9:09 बजे सेंसेक्स 875.83 अंक (1.20%) की बढ़त के साथ 74,013.73 पर ट्रेड कर रहा था, जबकि निफ्टी 285.15 अंक (1.29%) ऊपर 22,446.75 के स्तर पर पहुंच गया।
शुरुआती कारोबार में 9:21 बजे सेंसेक्स 1,200.70 अंक (1.64%) की जोरदार तेजी के साथ 74,338.59 पर और निफ्टी 377.00 अंक(1.70%) की शानदार बढ़त के साथ 22,538.60 पर ट्रेड कर रहा था।
इससे पहले सोमवार को घरेलू शेयर बाजार में बड़ी गिरावट देखी गई थी। बीएसई सेंसेक्स 2,226 अंक टूटकर 73,137 पर बंद हुआ था और निफ्टी 743 अंक गिरकर 22,161 पर बंद हुआ था। यह 10 महीने में बाजार की सबसे बड़ी गिरावट थी।
अमेरिका के नए टैरिफ और चीन की प्रतिक्रिया के बाद ट्रेड वॉर और ग्लोबल मंदी की आशंकाएं बढ़ीं। इसका सीधा असर दुनिया भर के बाजारों पर पड़ा, जिसमें भारत भी शामिल था।
निवेशकों को हुआ था भारी नुकसान
सोमवार की गिरावट से निवेशकों के करीब 14 लाख करोड़ रुपये डूब गए। कारोबार के दौरान एक समय नुकसान 20 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया था, हालांकि अंत में थोड़ी रिकवरी हुई। बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप 14 लाख करोड़ घटकर 389 लाख करोड़ रुपये रह गया।
एशियाई बाजारों से मिली राहत
मंगलवार को जापान और ऑस्ट्रेलिया के शेयर बाजारों में अच्छी रिकवरी देखी गई। जापान का निक्की इंडेक्स करीब 6% चढ़ा जबकि टॉपिक्स इंडेक्स भी 6% से ज्यादा ऊपर रहा। दक्षिण कोरिया का कॉस्पी भी करीब 2% ऊपर ट्रेड कर रहा था।
हालांकि बाजार ने आज रिकवरी जरूर की है, लेकिन ग्लोबल सेंटिमेंट अब भी कमजोर बना हुआ है। अमेरिका और चीन के बीच रेसिप्रोकल टैरिफ यानी एक-दूसरे पर लगने वाले जवाबी शुल्क ने ट्रेड वॉर का डर बढ़ा दिया है। अगर जल्द हालात नहीं सुधरे, तो बाजार में फिर से उतार-चढ़ाव दिख सकता है।