ताज़ा खबरें
किसान संगठन और सरकार के बीच छठे दौर की बातचीत भी रही बेनतीजा
यूएसएड पर ट्रंप बोले-'21 मिलयिन डॉलर मेरे दोस्त पीएम मोदी को' मिले

लखनऊ: अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले मंदिर राजनीति में उतरते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बुधवार को ऐलान किया कि राज्य में भगवान विष्णु के नाम पर एक विशाल नगर विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर में कंबोडिया के अंगकोरवाट मंदिर की तर्ज पर एक भव्य मंदिर बनाया जाएगा। उल्लेखनीय है कि भाजपा नेता और उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने पिछले सप्ताह राम मंदिर का मुद्दा उठाते हुए कहा था कि अयोध्या में मंदिर के निर्माण के लिए विधायी रास्ता अपनाया जा सकता है। इसके बाद यादव ने यह बयान दिया है।

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री यादव ने कहा, ‘‘हम लायन सफारी (इटावा) के निकट 2,000 एकड़ में भगवान विष्णु के नाम पर एक शहर विकसित करेंगे। हमारे पास चंबल के बीहड़ में अधिक जमीन है और हम वहां अंगकोरवाट मंदिर की तर्ज पर भव्य एवं विष्णु मंदिर बनाएंगे।’’ इससे पहले मौर्य ने कहा था कि जरूरत पड़ने पर राम मंदिर के निर्माण के लिए संसद में विधेयक लाया जा सकता है। उन्होंने कहा था कि कोई अन्य विकल्प शेष नहीं रहने पर यह रास्ता अपनाया जा सकता है और संसद के दोनों सदनों में उनकी पार्टी के पास पर्याप्त संख्या बल है।

यादव ने वादा किया कि सत्ता में आने पर वह भगवान विष्णु के नाम पर एक शहर विकसित करेंगे। भगवान राम और भगवान कृष्ण विष्णु के अवतार हैं। सपा प्रमुख ने कहा कि शहर की योजना बनाने के लिए विशेषज्ञों की एक टीम को कंबोडिया भेजा जाएगा। यह शहर हमारे अतीत की संस्कृति और ज्ञान का केंद्र होगा। कंबोडिया का अंगकोरवाट विश्व के सबसे विशाल धार्मिक परिसर में से एक है। वह मूल रूप से भगवान विष्णु को समर्पित हिन्दू मंदिर था, जो धीरे-धीरे बौद्ध मंदिर में तब्दील हो गया।

भाजपा पर निशाना साधते हुए अखिलेश ने इसे षड्यंत्रकारियों की पार्टी बताया जो जमीनी स्तर पर कुछ नहीं करती है और वोट के लिए जनता को बेवकूफ बनाती है। उन्होंने दावा किया, ‘‘भाजपा षड्यंत्र में यकीन करती है। हम विकास में विश्वास करते है। वे मत प्राप्त करने के लिए लोगों को बेवकूफ बनाते हैं। हम वोट के लिए अपने विकास कार्यों पर निर्भर हैं। राज्य के लोग भाजपा से आजिज आ चुके हैं और उसे सत्ता से बाहर करने का एक मौका ढूंढ रहे हैं। 2019 में अपनी जन विरोधी राजनीति के कारण भाजपा पराजित होगी।’’

यादव ने अगले महीने से कन्नौज से ‘हक और सम्मान’ साइकिल यात्रा शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने कहा, ‘‘हमने यात्रा की योजना बना ली है। तारीखों में कुछ बदलाव किया गया है, जिसे एक या दो दिन में अंतिम रूप दे दिया जाएगा।”

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख