ताज़ा खबरें
महाकुंभ हादसा:अस्पतालों के बाहर खड़े परिजनों को नहीं दिया जा रहे शव

आज़मगढ़: बसपा प्रमुख मायावती ने रविवार को यहाँ एक चुनावी रैली में आगामी यूपी विधानसभा चुनाव में बसपा के पूर्ण बहुमत से सरकार बनाने का दावा किया। उन्होंने कहा कि यूपी चुनाव में बसपा को पूर्ण बहुमत पाने से कोई रोक नहीं सकता है। उन्होंने लगे हाथ मोदी सरकार और भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि यूपी में भाजपा की हालत इतनी खराब है कि अब ये बसपा के रिजेक्टेड माल को भी बिना किसी जांच पड़ताल के लेने को तैयार है। मायावती ने कहा कि मोदी सरकार अच्छे दिन का जो वादा की थी, वह बुरे दिन में बदल गया है। महंगाई बढ़ गई है। सत्ता में आने से पहले भाजपा ने जो भी वादे किए थे उनको पूरा करने में नाकाम रही है। टिकट बेचने के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए बसपा प्रमुख ने कहा कि ऐसे आरोपों से पार्टी की छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है। गौरतलब है कि स्वामी प्रसाद मौर्या समेत बसपा के कुछ नेता पिछले दिनों भाजपा में शामिल हुए हैं। उन लोगों ने ही मायावती पर टिकट बेचने का आरोप लगाया था। बसपा सुप्रीमो मायावती आजमगढ़ में सपा और भाजपा पर जमकर बरसीं। सपा के मुखिया मुलायम सिंह यादव के संसदीय क्षेत्र में मायावती ने क‍हा कि भाजपा आरएसएस के एजेंडे पर चलती है। गोरक्षा के नाम पर मोदी सरकार में डराया जा रहा है और लोगों का शोषण हो रहा है। रैली को संबोधित करते हुए बीएसपी सुप्रीमो मायावती ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि आजादी के बाद 37 सालों तक यूपी में कांग्रेस की सरकार रही है, लेकिन गलत नीतियों के कारण राज्य ही नहीं केंद्र से भी बाहर हो चुकी है।

लखनऊ: समाजवादी पार्टी प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने कहा है कि अयोध्या में गोली चलवाने का अफसोस है। मगर देश की एकता के लिए 16 नहीं 30 जानें भी जातीं तो ले लेते। उन्होंने कहा कि देश के अन्य राज्यों में उत्तर प्रदेश क्यों पीछे है इसके बारे में युवाओं को सोचना होगा। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में शनिवार को खुद पर लिखी पुस्तक ‘बढ़ते गए साहसिक कदम’ का विमोचन करने के बाद लोगों को संबोधित करते हुए मुलायम ने कहा कि अयोध्या में गोली चलवाने पर उनकी बहुत आलोचना हुई लेकिन देश की एकता के लिए मस्जिद बचानी पड़ी और गोलियां चलानी पड़ीं। अगर ऐसा न करते तो मुसलमान कहते कि इस देश में उनके धार्मिक स्थल को नहीं बचाया जा सकता। मुलायम सिंह ने कहा कि उस समय उन्हें मानवता का हत्यारा कहा जाता था। उन्होंने कहा कि देश की तरक्की के लिए क्या चाहिए, पानी, सड़क और पत्थर, उत्तर प्रदेश में इसकी भरमार है। इसके बाद भी उत्तर प्रदेश पिछड़ा हुआ है। सभी लोगों से आह्वान करते हुए उन्‍होंने कहा कि यहां से संकल्प लेकर जाएं कि उत्तर प्रदेश के विकास के लिए काम करेंगे। उन्होंने कहा कि अंग्रेजी का नहीं बल्कि अंग्रेजियत का विरोध किया। देश के कई राज्यों में इसके विरोध में सभाएं भी कीं हैं। मुलायम सिंह ने कहा कि जातिवाद, क्षेत्रवाद और गरीबी को मिटाना होगा। देश में लोग भूखों मर रहे हैं। इस समस्या का समाधान खोजना होगा। समाजवादी पार्टी इसी विचारधारा पर काम कर रही है। समाजवाद का असली मूलमंत्र गरीबी, भेदभाव, क्षेत्रवाद,जातिवाद को समाप्त करना है।

कानपुर: इलाहाबाद की एक महिला के साथ कानपुर रेलवे स्टेशन के नजदीक झुग्गी झोपड़ियों में एक महिला के साथ शुक्रवार को 3 लोगों ने कथित तौर पर बलात्कार किया जिसके बाद उस महिला के चेहरे पर तेजाब डालकर उसे रेलवे की पटरियों के किनारे डाल दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शलभ माथुर ने बताया कि इलाहाबाद की रहने वाली एक महिला (उम्र 40 साल) 4 दिन पहले कानपुर आई थी और कानपुर रेलवे स्टेशन के पास झुग्गी झोपड़ी में रह रही थी। शुक्रवार सुबह कुछ लोगों ने कथित रूप से उसके साथ बलात्कार कर उसे रेल की पटरी के किनारे फेंक दिया और चेहरे पर तेजाब डाल दिया। महिला ने इशारों में बताया कि उसके साथ 3 लोगों ने बलात्कार किया और उसके चेहरे पर तेजाब डाल दिया। रेलवे पुलिस को शुक्रवार दोपहर जानकारी मिली कि तेजाब से झुलसी एक महिला रेलवे पटरी के किनारे पड़ी है तो उसे तुरंत हैलट हॉस्पिटल में भर्ती कराया। उन्होंने बताया कि इस महिला का मुकदमा कलक्टरगंज पुलिस स्टेशन में दर्ज कराया गया है। महिला का चेहरा चूंकि तेजाब से बुरी तरह से झुलसा हुआ है। इसलिये वह बोल नहीं पा रही है और इशारों में पुलिस के सवाल के जवाब दिये। उन्होंने बताया कि उसने पहले बताया कि वह ट्रेन से इलाहाबाद से आ रही थी बाद में बताया कि वह यही झुग्गी में रहती थी। तब बलात्कार की घटना हुई। महिला की एक आंख तेजाब की वजह से बुरी तरह से झुलस गयी है।

लखनऊ: सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने कहा है कि भाजपा के मुख्यमंत्री रहे कल्याण सिंह को साथ लेना उनकी भूल थी। कल्याण सिंह को लेकर पार्टी में खासे मतभेद थे लेकिन बाद में मैंने अपनी भूल स्वीकार की। मुलायम सिंह यादव शुक्रवार को सपा के वरिष्ठ नेता पूर्व सांसद भगवती सिंह के जन्मदिन पर आयोजित समारोह में बोल रहे थे। मुलायम ने कहा कि हालांकि कल्याण सिंह से आज भी मेरे व्यक्तिगत संबंध हैं। बड़े वे लोग ही होते हैं जो अपनी गलती स्वीकार कर लेते हैं। जो भूल स्वीकार नहीं करते वे बड़े नेता नहीं बन सकते। हमसे भी कई बार गलतियां होती हैं लेकिन मैं स्वीकार करता हूं। मुलायम सिंह ने उदाहरण देते हुए कहा कि चौधरी चरण सिंह ने भगवती सिंह को टिकट नहीं दिया था लेकिन भगवती सिंह महोना (लखनऊ) से निर्दलीय लड़े और जीते भी। उस समय चौधरी साहब ने कहा कि भगवती सिंह को टिकट न देना उनकी भूल थी...। यह उनका बड़प्‍पन था। मुलायम सिंह ने भगवती सिंह की तारीफ करते हुए कहा कि भगवती सिंह सिद्धांतों के लिए हमेशा अडिग रहे। कई बार उनको मानने के लिए मुझे खुद उनके घर जाना पड़ा। उन्होंने कहा कि देश को आजादी दिलाने वाले महात्मा गांधी और सुभाष चंद्र बोस में भी मतभेद रहते थे। इसके बावजूद सुभाष चंद्र बोस बापू का बहुत सम्मान करते थे। आजादी की लड़ाई में कांग्रेस सोशलिस्ट पार्टी के लोग सबसे आगे थे। सोशलिस्ट पार्टी ने ही जनता को परिवर्तिन का रास्ता दिखाया और जनता को उसका हक दिलाने की लड़ाई लड़ी।

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख