मुजफ्फरनगर: नागरिकता संशोधन कानून पर मचे सियासी घमासान के बीच भारतीय जनता पार्टी के एक विधायक ने पाकिस्तान को भी एक ऐसा ही कानून बनाने की सलाह दे डाली है। मुजफ्फरनगर के खतौली विधानसभा क्षेत्र से विधायक विक्रम सैनी ने कहा है कि पाकिस्तान को भी एक ऐसा कानून बनाना चाहिए जिससे कि भारत के पीड़ित मुस्लिमों को वहां की नागरिकता दी जा सके। मीडिया रिर्पोटस के मुताबिक, भाजपा विधायक विक्रम सैनी ने कहा, 'पाक को भी ऐसा कानून बनाना चाहिए, जो मुस्लिम यहां पर पीड़ित हैं उनको पाक में नागरिकता देनी चाहिए। अदला बदली कर लो, जो वहां पीड़ित हैं वो हिंदुस्तान आ जाएं, जो यहां पीड़ित हैं वो पाक चले जाएं। कौन रोक रहा है।'
भाजपा विधायक विक्रम सैनी अक्सर ही अपने विवादित बयानों से मीडिया की सुर्खियों में रहते हैं। इससे पहले भी वे कई मामलों पर विवादित बयान दे चुके हैं। केंद्र की मोदी सरकार ने जब जम्मू-कश्मीर के विशेष दर्जे को निरस्त कर दिया था, तब भी उन्होंने विवादित बयान दिया था। उस वक्त विक्रम सैनी ने कहा था कि जम्मू-कश्मीर की लड़कियों से शादी करने के लिए खतौली विधानसभा के कार्यकर्ता बहुत उत्सुक हैं।
अविवाहित युवकों की हम वहीं शादी करा देंगे। कोई दिक्कत नहीं है। उनका यह बयान उस वक्त एक विवाद का सबब बन गया था।
भारत सरकार पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान से धार्मिक प्रताड़ना के कारण भारत आए छह धर्म के लोगों को नागरिकता देने के लिए नागरिकता संशोधन कानून लाई है। इसके जरिए 31 दिसंबर 2014 से पहले इन तीन देशों से भारत आए हिंदू, पारसी, जैन, सिख, ईसाई और बौद्ध धर्म के लोगों को भारत की नागरिकता मिलेगी। हालांकि इस कानून को लेकर देशभर में विरोध प्रदर्शन हो रहा है। विपक्षी दलों का आरोप है कि केंद्र की भाजपा सरकार संविधान के मूल भावना के खिलाफ जाकर धर्म के आधार पर नागरिकता देने का काम कर रही है।