शमसाबाद: आगरा के शमसाबाद में धिमिश्री चौकी से पचास कदम की दूरी पर शनिवार की रात डकैती की वारदात हुई। आधा दर्जन बदमाशों ने व्यापारी के घर धावा बोला। छत पर सो रहे बेटे को चारपाई पर ही बांध दिया। कमरे में घुसकर अलमारी तोड़ी। 35 हजार रुपये नकद और लाखों के जेवरात ले गए। पीड़ित घटना के बाद चौकी पहुंचा तो पुलिस सोती मिली। घटना रात करीब सवा एक बजे की है। खेराती लाल गुप्ता की परचून की दुकान है। बेटा विकास रात को छत पर सो रहा था। उसकी पत्नी अपने मायके शमसाबाद गई थी। परिवार के अन्य सदस्य नीचे कमरे में थे।
विकास के अनुसार आधा दर्जन बदमाश छत पर आ गए। उसकी कनपटी पर तमंचा लगा दिया। बराबर में ही दूसरी चारपाई रखी थी। उसकी रस्सी खोलकर उसे बांध दिया। धमकी दी कि शोर मचाने पर गोली मार देंगे। वह दहशत में आ गया। बदमाश कमरे में घुस गए। अलमारी तोड़कर 35 हजार रुपये, 14 तोले सोना और डेढ़ किलोग्राम चांदी समेटकर ले गए। बदमाशों के भागने पर उसने शोर मचाया। परिजनों ने आकर उसे खोला। वे दौड़कर सीधे चौकी पहुंचे। चौकी पर पुलिस कर्मी सो रहे थे। जगाने पर उन्हें नसीहत देने लगे। बदमाशों की घेराबंदी के लिए कुछ नहीं किया।
घटना की जानकारी पर सुबह व्यापारियों में रोष फैल गया। सूचना पर एसपी देहात पूर्वी नित्यानंद राय मौके पर पहुंचे। फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वायड को बुलाया गया। फिलहाल बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिला है। इंस्पेक्टर शमसाबाद ने बताया कि डकैती की धारा के तहत मुकदमा लिखा गया है।