मेरठ: रालोद मुखिया चौधरी अजित सिंह ने कहा कि विपक्ष का महागठबंधन तय है। इसका क्या स्वरूप होगा और कैसे होगा यह सब दिसंबर तक साफ हो जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा महागठबंधन से डरी है और मोदी एवं शाह अपने बजाय विपक्ष के महागठबंधन के बारे में ही चिंता कर रहे हैं। जनता अपने स्तर पर महागठबंधन कर चुकी है अब बस विपक्षी दलों की बारी है। इसलिए बीजेपी महागठबंधन से डरी हुई है और साढ़े चार साल बाद इन्हें राम मंदिर याद आ रहा है।
चौधरी अजित सिंह ने सर्किट हाउस में प्रेसवार्ता करते हुए कहा कि भाजपा को अब साढ़े चार साल बाद राम मंदिर याद आया है। चुनाव करीब आ गया है इसलिए वह आम जनता के मुद्दों के बजाय राम मंदिर पर बहस करना चाहते हैं। अजित ने कहा कि भाजपा दंगे कराने की कोशिश में लगी है। बुढ़ाना में भी ऐसी कोशिश की गई जिसे जनता ने नकार दिया। भाजपा विपक्षी दलों को जातिवादी कहती है पर लखनऊ में हरेक जाति का सम्मेलन भाजपा कर रही है। शहरों के नाम बदलने को भी उन्होंने भाजपा की सियासत बताते हुए आलोचना की।
चुनाव बाद भाजपा से किसी गठबंधन की संभावना को उन्होंने सिरे से खारिज करते हुए कहा कि रालोद ही है जो सबसे ज्यादा मुखर ढंग से जमीन पर भाजपा के खिलाफ अभियान छेड़े हुए है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार इवेंट मैनेजमेंट कंपनी है जिसका जनता से कोई लेना देना नहीं है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में जयंत विपक्ष के लिए प्रचार कर रहे हैं और वहां भी कुछ सीटों पर लड़ने पर विचार हो रहा है। चुनाव करीब आते ही सर्जिकल स्ट्राइक की वर्षगांठ मनाने की भी भाजपा को याद आ रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के मंत्री ही लगातार उनके खिलाफ बोल रहे हैं पर वह कार्रवाई नहीं कर पा रहे हैं।
खिसक गई है मोदी जी की जमीन
चौधरी अजित सिंह ने कहा कि छह महीने में बड़ा बदलाव आया है। अब गांव में किसान खुद बता रहा है कि खाद का दाम कितना बढ़ गया। बिजली और डीजल कितना महंगा हो गया। वह भुक्तभोगी है। वह सब समझ गया है। अब सब किसान इकट्ठा हो रहे हैं। सब किसान महसूस कर रहे हैं कि बीजेपी सरकार को बदलने की जरूरत है। मुझसे किसानों ने खुद कहा कि अब वह दिल्ली सरकार बदलकर ही जाना चाहते हैं।
मायावती बेहद समझदार और मंझी हुई नेता
चौधरी अजित सिंह ने कहा कि महागठबंधन पर बसपा सुप्रीमो वही फैसला लेंगी जो जनता के और उनके दल के हक में होगा। अजित ने कहा कि मायावती बेहद समझदार और मंझी हुई नेता हैं वह जानती हैं कि आने वाले वक्त में क्या फैसला लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि जहां तक उन्हें जानकारी है मायावती का रुख बेहद सकारात्मक है।
मी-टू पर भी बोले अजित
सोशल मीडिया में चल रहे मी-टू कैंपेन पर चौधरी अजित सिंह ने कहा कि भाजपा का बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का नारा भी झूठा निकला। अजित ने कहा कि बेटियों के साथ अत्याचार करने वालों में भाजपा नेता शामिल हैं और सरकार उन पर कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। उन्होंने सवाल खड़े किए कि कठुआ में क्या हुआ।