ताज़ा खबरें
जो व्यक्ति इतिहास में रहता है वो वर्तमान का क्या करेगा निर्माण:खड़गे
महाकुंभ क्षेत्र में फ‍िर लगी आग, दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया
विपक्षी दलो ने भारतीयों के निर्वासन के अमेरिकी तरीके पर उठाए सवाल
पीएम मोदी बोले- कांग्रेस सरकार की नाकामी पर हिंदुओं ने गाली सुनी

गोरखपुर: उम्रकैद की सजा काट रहे बाहुबली नेता अमरमणि त्रिपाठी के पुत्र और नौतनवा से निर्दलीय विधायक अमनमणि त्रिपाठी शनिवार को मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी के मंच पर नज़र आये। गौरतलब है कि अमनमणि अपनी पत्नी सारा की हत्या के आरोपी हैं। पिछला चुनाव उन्होंने जेल में रहकर लड़ा और जीता। इस समय हाईकोर्ट से जमानत पर चल रहे हैं। गोरखपुर विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में उन्होंने मुख्यमंत्री को बुके दिया और पैर छूकर आशीर्वाद भी लिया। इसी मंच से मुख्यमंत्री ने कानून हाथ में लेने वालों को यूपी छोड़ने की चेतावनी दी और एक महीने में प्रदेश की कानून-व्यवस्था सुधारने का वादा किया। इस मंच पर गोरखपुर-बस्ती मण्डल के कई अन्य विधायक, सांसद और पार्टी पदाधिकारी मौजूद थे।

फिरोजाबाद: प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में पुलिस पिट रही है और अधिकारी गालियां खा रहे हैं। प्रदेश की कानून व्यवस्था पर बड़ा सवाल है। सपा सरकार का बजट भाजपा सरकार खर्च कर रही है। जब वह बजट प्रस्तुत करें तब आंकलन करना ठीक होगा। पूर्व सीएम यहां एफएम रायल में सर्वेश यादव की बेटी निशी के शादी समारोह में भाग लेने आए थे। वह करीब 30 मिनट तक समारोह में रहे। पूर्व मुख्यमंत्री ने आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे निर्माण में भ्रष्टाचार के आरोपों पर कहा कि चाहे जितनी जांच करवा ले कुछ नहीं निकलेगा। उन्होंने कहा कि सबसे पहले सपा के बहराइच से विधायक यासीन के परिवार ने ईवीएम की विश्वसनीयता पर सवाल उठाए थे। कोई बटन दबाने पर वोट भाजपा को पड़ रहा था। दुनिया के जितने भी विकसित देश हैं कहीं भी ईवीएम से मतदान नहीं होता। इलेक्ट्रॉनिक मशीनों में गड़बड़ी की संभावना अधिक रहती है। लखनऊ के पेट्रोल पंपों पर चिप लगाकर रिमोट से पेट्रोल की मांप में गड़बड़ी पकड़ी गई है। चिप लगाकर ईवीएम में गड़बड़ी की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता है। देश के सभी विरोधी दल मतदान ईवीएम के बजाए बैलेट पेपर से कराने की मांग कर रहे हैं। चुनाव आयोग कहता है कि मशीन खराब हो जाती है और ठीक कैसे कर देते हैं।

गोरखपुर: उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने के बाद दूसरी बार गोरखपुर पहुंचे आदित्यनाथ योगी ने शनिवार को कहा कि जिन्हें कानून-व्यवस्था में भरोसा नहीं है, वे प्रदेश छोड़ दें। योगी ने कहा कि उनकी सरकार कानून से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी और एक महीने में कानून-व्यवस्था में बड़ा बदलाव दिखायी देगा। दो दिन की यात्रा पर गोरखपुर पहुंचे आदित्यनाथ ने किसानों की भलाई के लिए अपनी सरकार की ओर से उठाए गए कदमों का जिक्र किया। आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार की योजनाएं लोकलुभावन नहीं बल्कि कल्याणकारी होनी चाहिए। आजादी के बाद से किसी ने भी गन्ना किसानों के बारे में बात नहीं की। उन्होंने कहा, 'हमारी सरकार का गन्ना किसानों का बकाया 120 दिन में देने का लक्ष्य है।' सीएम ने कहा कि गोरखपुर में बंद चीनी मिली को दोबारा शुरू किया जाएगा। योगी ने कहा कि हमारी सरकार बनने के बाद किसानों का 36 हजार करोड़ रुपए का कर्ज माफ किया गया। कर्जमाफी से 86 लाख किसानों को फायदा मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की खुशहाली हम सबकी सफलता है। राज्य की सड़कों के बारे में योगी ने कहा कि 15 जून से पहले राज्य की सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जो अफसर गड्ढा भरने में नाकाम होगा वह खुद सोच ले। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब वह विपक्ष में थे तो काम करने का तरीका दूसरा था अब सत्ता में हैं तो तरीका अलग है।

लखनऊ: बसपा सुप्रीमो मायावती ने आज (शनिवार) कहा कि भाजपा को सत्ता का नशा चढ गया है और वह सत्ता हथियाने के लिए किसी भी कीमत पर लोकतंत्र की हत्या को उतारू है। मायावती ने झारखंड के बसपा पदाधिकारियों के साथ बैठक के बाद जारी एक बयान में कहा, ‘‘भाजपा को अब सत्ता का ऐसा नशा चढ गया है कि वह हर कीमत पर सत्ता हथियाने के क्रम में लोकतंत्र की प्रत्यक्ष एवं परोक्ष रूप से हत्या तक करने पर उतारू लगती है।’’ उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड राज्यों में वोटिंग मशीन के माध्यम से चुनावी धांधली व गोवा एवं मणिपुर राज्यों में चुनाव हारने के बावजूद धनबल के सहारे सत्ता हथियाने की भाजपा की नीति इस बात का पक्का प्रमाण है। मायावती ने कहा कि भाजपा के शासन में समाज का बहुत बडा तबका जो दलित, आदिवासी एवं अनय पिछडे वर्ग से ताल्लुक रखता है, हमेशा की तरह उपेक्षित और तिरस्कृत है। उन्हें उनके संवैधानिक हक से वंचित रखा जा रहा है। उन्हें शिक्षा व रोजगार के सही अवसर नहीं मिल रहे हैं। इन वर्गों के करोडों लोग दयनीय जीवन व्यतीत करने को मजबूर हैं जबकि भाजपा सरकार केवल बनावटी और दिखावटी तौर पर सांकेतिक स्तर पर काम करके देश की आम जनता को गुमराह करने का काम कर रही है।

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख