ताज़ा खबरें
कैबिनेट ने नये आयकर बिल को मंजूरी दी, अगले हफ्ते संसद में होगा पेश

लखनऊ: उत्‍तर प्रदेश सरकार 50 साल से अधिक आयु वाले कर्मचारियों के कामकाज की समीक्षा करने जा रही है। अपेक्षित प्रदर्शन नहीं करने वाले कर्मचारियों की अनिवार्य सेवानिवृति होगी। मुख्य सचिव राजीव कुमार की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, सभी विभागों के अपर मुख्य सचिवों और सचिवों से 50 की आयु पार कर चुके स्टाफ के कामकाज की समीक्षा करने को कहा गया है। ऐसे कर्मचारियों की 31 जुलाई तक सूची तैयार करने को भी कहा गया है। वित्‍तीय हस्तपुस्तिका के नियमों का हवाला देते हुए कहा गया है कि नियुक्ति प्राधिकारी किसी भी समय सरकारी सेवक को, चाहे वह स्थायी हो या अस्थायी, नोटिस देकर बिना कारण बताए पचास साल की उम्र होने पर अनिवार्य सेवानिवृत कर सकता है। निर्देश में कहा गया कि इस संबंध में समय समय पर निर्देश जारी किए गए हैं। मुख्य सचिव ने कहा कि 31 जुलाई तक अनिवार्य सेवानिवृति वाले कर्मचारियों के कामकाज और प्रदर्शन की समीक्षा की जानी चाहिए। पचास साल की आयु तय करने की समयसीमा 31 मार्च 2017 रखी गई है। एक वरिष्ठ सरकारी प्रवक्ता ने कहा कि ये कोई नया आदेश नहीं है, क्योंकि 50 साल की आयु पार कर चुके कर्मचारियों के कामकाज की समीक्षा करने का प्रावधान पहले से है।

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कहना है कि वह रबर स्टाम्प नहीं हैं बल्कि डायनैमिक तरीके से काम करते हैं। उन्होंने कहा, अगर मैं रबर स्टाम्प हूं तो भगवान करे सारे प्रदेशों में मेरे जैसे ही सीएम हो जाएं। सीएम ने ये बात एक न्यूज चैनल के कार्यक्रम के दौरान कही। वहीं अखिलेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना गोमती रिवरफ्रंट की जांच के बारे में उन्होंने कहा कि रिवरफ्रंट की जांच किसी व्यक्ति के खिलाफ नहीं बल्क‌ि धन की लूट के खिलाफ है। योगी से जब मुलायम की प्रति नरमी और अखिलेश के प्रति सख्त होने की बात की गई तो उन्होंने कहा क‌ि सीएम प्रदेश का मालिक नहीं होता बल्कि कस्टोडियन होता है। प्रदेश की संपत्त‌ि किसी एक परिवार के नाम पर गिरवीं रखने का अध‌िकार किसी को नहीं। पिछली सरकार में पूरे प्रदेश को ही एक परिवार के नाम पर गिरवी रख दिया गया था।

आजमगढ़: रौनापार थाना क्षेत्र के तीन गांव में जहरीली शराब पीने से नौ लोगों की मौत हो गई। अपने ही गांव में अवैध रूप से बिक रही शराब पीने से इन सभी की मौतें हुई हैं। घटना में 6अन्य ग्रामीणों की हालत गंभीर बताई जा रही है। बीती रात हुई इन मौतों से केवटहिया, रसूलपुर व सलेमपुर गांव में मातम पसर गया है। घटना की सूचना पर वरिष्ठ अफसरों समेत चार थानों की फोर्स व आबकारी की टीम मौके पर पहुंच कर छानबीन में जुटी हुई है। डीएम ने दो सगे भाइयों की मौत को सामान्य बताया है। गुरुवार की रात आठ बजे केवटहिया गांव में दर्जन भर से अधिक लोगों ने पाउच में बिक रही शराब पी। शराब पीने के बाद घर पहुंचते ही सभी के सिर, पेट में दर्द होने लगा। एक एक कर सभी को अस्पताल पहुंचाया जाने लगा। रात 12 बजे तक केवटहिया गांव के दो सगे भाइयों समेत पांच लोगों की मौत हो गई। केवटाहिया के सगे भाई 85 वर्षीय चरित्र और 80 वर्षीय रामवृक्ष पुत्र रामदवर की हालत बिगड़ने पर रात 11 बजे एक नर्सिंग होम ले जाया जा रहा था। इस बीच दोनों ने दम तोड़ दिया। हालाकि पुलिस इन दोनों ही मौत को सामान्य मौत करार देते हुए सुबह दोनों के परिजनों को शव सौंप दिया।

लखनऊ: प्रदेश सरकार ने गुरुवार को महत्वपूर्ण प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 23 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। राज प्रताप सिंह नए कृषि उत्पादन आयुक्त बनाए गए हैं। नए नगर निगम अयोध्या व मथुरा वृंदावन में नगर आयुक्तों की तैनाती भी हो गई है। वहीं कुछ तैनातियों में चल रहे विवाद के मद्देनज़र फेरबदल किया गया है। लंबे समय से परिवहन आयुक्त व राज्य सड़क परिवहन निगम के एमडी पद पर तैनात के रवींद्र नायक को आजमगढ़ का मंडलायुक्त बनाया गया है। माना जा रहा है कि विभाग में उनकी एक ‌वरिष्ठ अधिकारी से कुछ मुद्दों पर बन नहीं रही थी। प्रमुख सचिव महिला कल्याण के पद पर तैनात रेणुका कुमार को महत्वपूर्ण तैनाती दी गई है। उन्हें वर्तमान पद के साथ ही वन एवं पर्यावरण विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। रेणुका के खिलाफ उनके अधीनस्थ आईएएस अधिकारी ने आरोप लगाए थे। वहीं संजीव शरण को वन विभाग के अपर प्रमुख सचिव के पद से हटा दिया गया है। उन पर वन संवर्ग के अधिकारी ने भ्रष्टाचार के आरोप लागए थे। उन्हें नियोजन ए‌वं कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग के साथ ही आईटी एवं इलेक्ट्रानिक्स विभाग का अतिरिक्त चार्ज दिया गया है।

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख