ताज़ा खबरें
कैबिनेट ने नये आयकर बिल को मंजूरी दी, अगले हफ्ते संसद में होगा पेश

लखनऊ: अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को लेकर हलचल तेज हो गई है। बुधवार को विश्व हिंदू परिषद की देखरेख में मंदिर निर्माण के लिए तीन ट्रक लाल पत्थर पहुंचा। इन ट्रकों में सवा दो सौ टन पत्थऱ हैं, जिन्हें राम सेवक पुरम में रखा गया है। योगी राज में ये दूसरा मौका है, जब पत्थरों की खेप अयोध्या पहुंची हैं। विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता प्रकाश कुमार गुप्ता ने बताया कि ये लाल पत्थर राम जन्मभूमि मंदिर के निर्माण के लिए यहां लाया गया है। उन्होंने बताया कि अखिलेश सरकार में कड़े नियमों की वजह से पत्थर लाना मुश्किल हो गया था, लेकिन अब शिलाओं के पहुंचने की रफ्तार तेज हुई है। विश्व हिंदू परिषद के मीडिया एडवाइजर शरद शर्मा ने बताया कि "राम मंदिर के निर्माण के लिए, पत्थर के बड़े ब्लॉक लाए गए हैं। उत्तर प्रदेश में पूर्व सरकार (अखिलेश यादव सरकार) ने मौखिक रूप से प्रतिबंध लगा दिया था, लेकिन वर्तमान सरकार (योगी आदित्यनाथ सरकार) ने ऐसा कुछ नहीं किया है।" पत्थर रामसेवक पुरम में रखा गया है, रामसेवक पुरम विहिप द्वारा स्थापित राम मंदिर निर्माण के लिए भंडार गृह का काम कर रही है। मंदिर निर्माण के लिए पत्थरों की नक्काशी विहिप, 'राम जन्मभूमि न्यास' और संतों के संगठन के पर्यवेक्षण के तहत की जा रही है।

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 30 जून तक लंबित जनता की सभी शिकायतों को 31 जुलाई तक निपटाने के निर्देश दिए हैं। योगी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों से रूबरू हुए। उन्होंने शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण समाधान की स्थिति जानी। इस दौरान ऐसा पहली बार हुआ जब किसी मुख्यमंत्री ने शिकायतकर्ताओं से भी सीधे बात की और उनकी संतुष्टि के बारे में जाना.। योगी ने आज (गुरूवार) जन शिकायतों के प्रभावी निस्तारण के निर्देश देते हुए अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक स्तर पर एक कोर टीम बनाकर 30 जून तक लंबित सभी शिकायतों को अभियान चलाकर 31 जुलाई तक निपटारा करना सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता दर्शन कार्यक्रम में उनके पास रोज 4 से 6 हज़ार शिकायतें आती हैं। इनमें तमाम सामान्य सी शिकायतें हैं, लेकिन निचले स्तर पर वे दूर नहीं हो रही हैं। असमंजस की स्थिति बनी हुई है। जिनका समाधान तहसील व थानों पर होना चाहिए वो वहां नहीं हो पा रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि फरियादियों की समस्या सामान्य सी होती है। ज़मीन कब्ज़ा करना, मुकदमा दर्ज ना होना और विवेचना में समय लगना आदि, ये रूटीन कार्य ही है लेकिन निचले स्तर पर इसे दूर नहीं किया जा रहा।

मेरठ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वन महोत्सव के मौके पर बुधवार को गढ़मुक्तेश्वर पहुंचे। उन्होंने मेरठ के ब्रजघाट पर पौधारोपण और स्कूल चलो अभियान के तहत प्रचार-प्रसार के लिए बच्चों को किताबें और पुस्तकें बांटने के बाद एक जनसभा को संबोधित किया। जनसभा में उन्होंने कहा कि गढ़मुक्तेश्वर में गंगा किनारे ब्रजघाट को हरिद्वार की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि गढ़मुक्तेश्वर का कार्तिक गंगा स्नान मेला ऐतिहासिक है और यह अपने आप में 5000 साल के इतिहास को समेटे हुए हैं। इसलिए उनकी सरकार इसे राजकीय दर्जा देगी। गढ़मुक्तेश्वर को हरिद्वार की तर्ज पर विकसित करेगी। उन्होंने कहा कि भारत आस्था का देश है। जो भी आस्था पर प्रहार करेगा जनता उसे बख्शेगी नहीं। भाजपा सरकार अयोध्या, काशी और मथुरा और वृंदावन का विकास कर रही है। गढ़मुक्तेश्वर का विकास भी किया जाएगा। आज से ही यहां 24 घंटे बिजली दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने यूपी में बिजली के मामले में वीआईपी संस्कृति खत्म कर दी है। सारे जिला मुख्यालयों को अंबेडकर जयंती के दिन से ही 24 घंटे बिजली दे रहे हैं। तहसील मुख्यालयों को 20 घंटे बिजली मिल रही है। गांवों को भी 18 घंटे बिजली देंगे। उन्होंने ये भी कहा कि शिक्षा को सुधारा जा रहा है। सीबीएसई और एनसीआरटी की तर्ज पर पढ़ाई कराई जाएगी।

लखनऊ: उत्तरप्रदेश के दो अलग-अलग जिलों में गुरुवार को हुए भीषण सड़क हादसों में कुल 14 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। ये हादसे सीतापुर और बिजनौर में हुए हैं। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मौके पर पहुंच गई है। सुबह-सुबह हुए सड़क हादसे में एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत हो गई। हादसा तब हुआ जब लखीमपुर खीरी का एक परिवार हरिद्वार से इनोवा कार से वापस घर लौट रहा था। हादसे में एक महिला और दो बच्‍चों सहित चार लोग गंभीर घायल है, जिनको बिजनौर जिला अस्‍पताल रेफर कर दिया गया है। इनोवा कार धामपुर क्षेत्र के गांव सुहागपुर के निकट सामने से आ रही बस से टकरा गई। टक्‍कर इतनी जबरदस्‍त थी कि कार के परखच्‍चे उड़ गए। अभी तक मिली जानकारी के अनुसार लखीमपुर के कपूरथला निवासी रोहित टंडन इनोवा कार से परिवार के साथ हरिद्वार गए थे। जहां से वह गुरुवार सुबह वापस घर लौट रहे थे। जब उनकी कार गुरुवार सुबह करीब 6 बजे देहरादून-नैनीताल हाईवे पर धामपुर थानाक्षेत्र के गांव सुहागपुर से आगे निकली तो सामने से आ रही रोडवेज बस से उसकी टक्‍कर हो गई। गढ़मुक्‍तेश्‍वर डिपो की बस कालागढ़ से दिल्‍ली जा रही थी। हादसे के समय बारिश हो रही थी। हादसा इतना तेज था कि कार के परखच्‍चे उड़ गए।

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख