झांसी: कर्ज में डूबे पूंछ थाने के गांव काशीराम में रहने वाले किसान श्रीराम ने रविवार रात फांसी लगा ली। परिजनों के अनुसार श्रीराम ने तीन साल पहले बैंक से कर्ज लिया था। कुछ दिन पहले ही बैंक से नोटिस पहुंचा था, जिसके बाद से वह तनाव में थे। श्रीराम रोज की तरह रविवार की रात खाना खाने बाद सोने चले गए थे। सोमवार सुबह परिजन जानवर खोलने पहुंचे तो अन्दर श्रीराम का शव तौलिया से लटका मिला।
श्रीराम के पुत्र प्रदीप ने बताया कि पिता ने तीन साल पहले पंजाब नेशनल बैंक से एक लाख 80 हजार रुपये का कर्ज लिया था। किसानी कार्यों के लिए लिया गया कर्ज वह चुकता नहीं कर पाए। बैंक का नोटिस आने के बाद से वह बहुत परेशान थे। परिजनों ने कहा कि कर्ज न चुकता कर पाने और कार्रवाई की नोटिस के चलते श्रीराम ने फांसी लगा ली।
एक और किसान की मौत
ललितपुर के पूरा कलां के खपटिया में रहने वाले किसान ग्यासी की इलाज के दौरान मौत हो गई। उर्द की फसल में घाटा व कर्ज से परेशान ग्यासी ने कुछ दिनों पहले फांसी लगाने की कोशिश की थी। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने अस्पताल में भर्ती कराया था।