नई दिल्ली: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को कहा कि कांग्रेस के लोग झुकने वाले नहीं हैं और हर वे दमन का सामना करेंगे। उनका यह बयान पूर्व केंद्रीय मंत्री चिन्मयानंद पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली लड़की के समर्थन में कांग्रेस की पदयात्रा से पहले उसके कई नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किए जाने की पृष्ठभूमि में आया है। राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार बेटियों पर अत्याचार करने वाले के तो साथ खड़ी है और विरोध कर रहे कांग्रेसजन को हिरासत में ले रही है। मगर संघर्ष की इस राह में हमारे साथी सड़कों पर डटे रहेंगे।हर दमन का सामना करेंगे।
गौरतलब है कि कांग्रेस चिन्मयानंद मामले में पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस शाहजहांपुर से लखनऊ तक 30 सितंबर से पदयात्रा निकालने वाली है। इस यात्रा से पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद और शाहजहांपुर में कांग्रेस के जिलाध्यक्ष कौशल मिश्रा को नजरबंद कर दिया गया है और पार्टी विधानमंडल दल के नेता समेत 82 पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री स्वामी चिन्मयानंद पर अपने कॉलेज में पढ़ रही कानून की छात्रा का यौन शोषण करने का आरोप है। इस मामले में उनके खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है। इसके साथ ही चिन्मयानंद से पांच करोड़ रुपए रंगदारी मांगने के मामले में पीड़िता को भी गिरफ्तार किया गया है।