ताज़ा खबरें
महाशिवरात्रि पर महाकुंभ में आखिरी स्नान, संगम में लाखों ने लगाई डुबकी
सीबीएसई 10वीं बोर्ड की परीक्षाएं साल में दो बार होंगी, नए नियम जारी

लखनऊ: लखनऊ में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी का रोड शो जारी है। इस दौरान कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता काफी उत्साह में नजर आ रहे हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रियंका गांधी के स्वागत के लिए शहर भर में राफेल मुद्दे के साथ उनके भी पोस्टर लगाए हैं। इन पोस्टरों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उद्योगपति अनिल अंबानी से गले मिलते हुए दिखाया गया है। पोस्टर में राफेल घोटाले के एक लाख तीन हजार करोड़ रुपये का होने का दावा किया जा रहा है। प्रियंका गांधी वाड्रा का रोड शो शाम चार बजे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर खत्म होगा। रोड शो के लिए बस पंजाब से मंगवाई गई है।

लखनऊ पहुंची कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा का कांग्रेस नेता व कार्यकर्ताओं ने जबरदस्त स्वागत किया। इसके बाद रोड शो शुरू हुआ। रोड शो लखनऊ एयरपोर्ट से कांग्रेस मुख्यालय तक होगा। इस बीच करीब 37 जगहों पर उनका स्वागत होगा। रोड शो के लिए राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, ज्योतिरादित्य सिंधिया व अन्य कांग्रेस नेता बस पर सवार हैं। जिसमें प्रियंका गांधी लीड करती हुई नजर आ रही हैं। जबकि राहुल गांधी वहां एक सहयोगी की भूमिका में दिख रहे हैं।

वहीं, कांग्रेसियों में खासा उत्साह है। वह नारेबाजी करने के साथ ही खुशी से झूम रहे हैं।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी व पश्चिमी यूपी के प्रभारी ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ लखनऊ पहुंच चुकी हैं। एयरपोर्ट पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया और नारेबाजी की। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी व पश्चिम यूपी के प्रभारी ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ लखनऊ के लिए रवाना हो चुकी हैं।

लखनऊ में एयरपोर्ट पर उनके स्वागत के लिए पहुंचे युवाओं का कहना है कि अब देश को नरेंद्र मोदी नहीं चाहिए। वह 'वेल्कम रागा' मतलब राहुल गांधी आपका स्वागत है कि टीशर्ट पहने हुए हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के सोमवार को रोड-शो के चलते सुबह से शहर की यातायात व्यवस्था बदली रहेगी।

एएसपी ट्रैफिक रविशंकर निम ने बताया कि अमौसी एयरपोर्ट से माल एवेन्यू स्थित कांग्रेस प्रदेश कार्यालय आगमन और रोड शो प्रस्तावित है। प्रियंका गांधी वाड्रा, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी व ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ अब से कुछ ही देर में लखनऊ पहुंचने वाली हैं। एयरपोर्ट पर उनका स्वागत करने के लिए कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता व सेवा दल के लोग पहुंच चुके हैं।

एयरपोर्ट पर इस समय राजीव शुक्ला, प्रमोद तिवारी व अजय कपूर सहित कई बड़े कांग्रेस नेता पहुंच चुके हैं। कांग्रेस महासचिव व पूर्वी यूपी की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा के लखनऊ पहुंचने से पहले तल्ख राजनीतिक बयानबाजियों का दौर शुरू हो गया है। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सिद्घार्थनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस के लोग इसे रोड शो कह रहे हैं पर भाजपा के लिए ये चोर मचाए शोर जैसी बात है। पूरा गांधी-वाड्रा परिवार भ्रष्टाचार के मामले में जमानत पर है। इसलिए वो रोड शो नही 'चोर शो' कर सकते हैं। यूपी व लखनऊ के लोग इस शो में ऐसे लोगों का चेहरा देखेंगे जिन्होंने भारत के 12 लाख करोड़ रुपये लूट लिए हैं।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा, पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी व ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ सोमवार दोपहर 12 बजे चार्टर प्लेन से दिल्ली से लखनऊ पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से निकलने के बाद कानपुर रोड, अवध हॉस्पिटल चौराहा, आलमबाग चौराहा, नत्था होटल तिराहा (चारबाग), हुसैनगंज, बर्लिंगटन चौराहा, ओडियन सिनेमा, कैसरबाग चौराहा व लालबाग होते हुए उनका काफिला हजरतगंज पहुंचेगा। तीनों नेता हजरतगंज में जीपीओ पर महात्मा गांधी, सरदार वल्लभ भाई पटेल और डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। इसके बाद रोड शो डीएसओ चौराहा, राजभवन के सामने से होते हुए वीवीआईपी गेस्ट हाउस, लालबहादुर शास्त्री मार्ग होते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय माल एवेन्यू तक पहुंचेगा। 12 किलोमीटर लंबे रूट पर 30 से ज्यादा स्थानों पर तीनों नेताओं का फूल-मालाओं से स्वागत किया जाएगा। इस रूट पर आम दिनों में भी ट्रैफिक का काफी दबाव रहता है। ऐसे में माना जा रहा है कि शाम 4 बजे तक रोड शो समाप्त हो पाएगा।

चौधरी चरण सिंह अमौसी एयरपोर्ट से शुरू हुए रोड शो में प्रियंका, राहुल और ज्योतिरादित्य का ऐसा भव्य स्वागत हुआ कि लोग देखते रह गए। एयरपोर्ट के बाहर राहुल-प्रियंका के रथ पर सवार होते ही ढोल-भांगड़े बजने लगे। लोग प्रियंका की एक झलक पाने के लिए उमड़े पड़ रहे थे तो कोई फूलों की वर्षा कर रहा था। कार्यकर्ताओं का जोश आसमान पर पहुंच गया। नारेबाजी का आलम यह था कि हर तरफ राहुल-प्रियंका के नारों की गूंज सुनाई दे रही थी। 

प्रियंका व राहुल गांधी का रोड शो 1:05 बजे एयरपोर्ट से शुरू हुआ। रथ जैसे ही एयरपोर्ट से आगे बढ़ा, कांग्रेस सेवा दल, युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने चारों तरफ से घेर लिया। जबरदस्त नारेबाजी व भीड़ के रथ आगे नहीं बढ़ पा रहा था।  सुरक्षा कर्मियों को लोगों को हटाने में पसीने आ गए। कार्यकर्ता इनकी एक झलक के लिए बेताब थे। कोई सेल्फी लेना चाहता थो तो कोई फूलों से स्वागत करना। कुछ लोग एयरपोर्ट के पुराने टर्मिनल के पास बिल्डिंग पर चढ़ गए। वह ऊपर से नारेबाजी कर रहे। लोग नीचे से प्रियंका जी...। राहुल जी....पुकार रहे थे। 

 रथ ऊंचा होने से लोगों की फूल माला राहुल-प्रियंका तक नहीं पहुंच रही थी। ऐसे में लोग इसे उनके ऊपर फेंक रहे थे। एयरपोर्ट मोड़ पर हजारों युवाओं ने फिर रथ को घेर लिया। जब कानपुर रोड पर रथ पहुंचा तो यहां के नाजारा बिल्कुल बदला हुआ था। एक तरफ गाड़ियां ही गाड़ियां दिख रही थीं दूसरी तरफ केवल पार्टी कार्यकर्ता...। आलमबाग चौराहे पर कांग्रेस के नगर महासचिव मुशर्रफ इमाम के नेतृत्व में युवाओं ने कबूतर उड़ाए व हजारों गुब्बारे छोड़े। 

किसी ने प्रियंका को मुकुट भेंट किया तो किसी ने राहुल को तलवार

रोड शो में स्वागत के अलग-अलग रंग दिखाई दिए। कोई प्रियंका गांधी के लिए मुकुट बनवाकर लाया था तो कोई राहुल को तलवार भेंट करना चाहता था। एयरपोर्ट से बाहर कानपुर रोड से कुछ मीटर पहले एक कार्यकर्ता ने प्रियंका को ताज दिखाया और पहनाने की इच्छा जताई। इसी तरह शहीद पथ मोड के पास खड़े कई कार्यकर्ता तलवार लेकर आए थे। वह राहुल को भेंट करना चाहते थे लेकिन उन तक पहुंच नहीं पाए। रायरेबली के लोग 51 किलो की माला लेकर आए थे। 

 राहुल ने युवाओं की फोटो खींची

रोड के शो के दौरान 32 वीं वाहनी पीएसी के पास रेलवे ओवरब्रिज के ऊपर सात युवक खड़े थे। इन युवकों ने शरीर के ऊपरी हिस्से को तीन कलर से पुतवा रखा था। सातों ने मिलकर अपने सीने पर पीएम के खिलाफ नारा लिखवा रखा था। रथ पर सवार राहुल गांधी की नजर इन युवाओं पर पड़ी तो उन्होंने झट से अपने कुर्ते की जेब से मोबाइल निकाला और इसकी फोटो खींच ली। 

रथ पर सवार थे प्रमुख लोग

रोड-शो के रथ पर राहुल व प्रियंका के अलावा ज्योतिरादित्य सिंधिया, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर, पार्टी के वरिष्ठ नेता व पूर्व केन्द्रीय मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल, वरिष्ठ नेता राजीव शुक्ला, उन्नाव की पूर्व सांसद अन्नू टण्डन सहित कई और लोग मौजूद थे।

 रायबरेली-अमेठी व उन्नाव से सबसे ज्यादा भीड़

रोड-शो में दूसरे जिलों से भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता आए थे। सबसे ज्यादा लोग रायबरेली, अमेठी, सुलतानपुर, उन्नाव व कानपुर से लोग आए थे। 

प्रियंका गांधी 12 फरवरी को मोहनलालगंज और उन्नाव के कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगी। वहीं, दोपहर बाद वाराणसी, गोरखपुर, कौशांबी, फूलपुर, इलाहाबाद, चंदौली, गाजीपुर, धौरहरा, फतेहपुर और लखनऊ के कार्यकर्ताओं से मिलेंगी।

 13 फरवरी को प्रियंका बाराबंकी, कैसरगंज, बहराइच, बांसगांव, देवरिया, डुमरियागंज, कुशीनगर, संतकबीर नगर, महाराजगंज, फैजाबाद, श्रावस्ती, गोंडा और बस्ती के नेताओं और कार्यकर्ताओं से मिलेंगी। वहीं, 14 फरवरी को प्रियंका गांधी सीतापुर, सलेमपुर, घोसी, आजमगढ़, लालगंज, मछलीशहर, जौनपुर, रॉबट्र्सगंज, मिर्जापुर, भदोही, अंबेडकरनगर, बलिया और मिश्रिख के पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगी।

 50 साल में पहली बार ऐसा होगा जब गांधी परिवार का कोई सदस्य पार्टी मुख्यालय में 4 दिन गुजारेगा। इससे पहले 70 के दशक में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और फिरोज गांधी अक्सर यहां आते थे और कई दिन बिताते थे। तब वे यहां की ला-प्लास कॉलोनी में रहते थे।

 लोगों का धन्यवाद करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि उन्होंने प्रदेश में पार्टी को मजबूत करने की जिम्मेदारी प्रियंका गांधी और ज्योतिरादित्य सिंधिया को दी है। दोनों से कहा है कि लोकसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन होना चाहिए, जबकि विधानसभा में भी कांग्रेस की सरकार बननी चाहिए। यूपी में सभी फेल हो चुके हैं। अगर यूपी में कांग्रेस को खड़ा करना है तो जमीन से जुड़े लोगों को आगे बढ़ाना होगा। आप सभी को दिल को धन्यवाद।

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख