लखनऊ: प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के अध्यक्ष शिवपाल यादव ने बसपा अध्यक्ष मायावती व सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव दोनों को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी यूपी में लोकसभा की सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी। शिवपाल यादव ने रविवार को पार्टी कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों की बैठक में यह बात कही। शिवपाल ने मायावती के बारे में कहा कि उन्हें तो पूरा देश जानता है वह विश्वास करने लायक नहीं है। वहीं अखिलेश यादव को धोखेबाज बताते हुये कहा कि जिस ने नेता जी (मुलायम सिंह यादव) को धोखा दिया, अपमान किया, इन पर कौन विश्वास करेगा। शिवपाल सिंह यादव ने स्पष्ट किया कि लोकसभा के चुनाव पर उनकी पार्टी 80 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
उन्होंने कहा कि हम एक समान विचारधारा के लोगों से बात करेंगे, हमारी सेक्यूलर लोगो से बात चल रही है और जल्द ही फैसला होगा। उन्होंने आगे कहा कि यह निश्चित तय है कि अबकी केन्द्र में जो सरकार बनेगी वह बिना प्रसपा लोहिया के सहयोग से नहीं बनेगी।
भाजपा को आड़े हाथों लेते हुये शिवपाल ने कहा कि इन पर लोगो का भरोसा उठ गया है। सब का साथ, सब का विकास, अच्छे दिन आयेंगे, काला धन लायेंगे, बेरोजगारों को दो करोड रोजगार देंगे, भ्रष्टाचार तीन महीने में खत्म हो जायेगा आदि, भाजपा ने यह सब कुछ नहीं किया सब खोखले वादें साबित हो गये। आज प्रदेश में योगी जी का राज नहीं प्रदेश ब्यूरोक्रेट चला रहे है, प्रदेश में नौकरशाही का राज है इसलिए दिक्कतें आ रही है। जब मंत्रियो की नहीं सुनी जाती तो जनता की बात ही छोड़िए। जबकि लोकतंत्र में जनता ही सर्वोपरि होती है।
प्रसपा में शामिल हुए कई नेता
प्रसपा लोहिया महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष अर्चना राठौर के मार्गदर्शन में लखनऊ से देवेन्द्र कुमार सिंह, नगर अध्यक्ष क्षत्रिय महासभा के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों ने सदस्यता ली वहीं लखनऊ की दीप्ति सिंह के नेतृत्व में कई महिलाओं ने भी सदस्यता ग्रहण की।