बुलंदशहर: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में गोकशी पर 3 दिसंबर को हुई हिंसा में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) का स्याना का पूर्व नगर अध्यक्ष शिखर अग्रवाल को स्याना पुलिस ने हापुड़ से गिरफ्तार कर लिया। शिखर अग्रवाल को लेकर पुलिस टीम स्याना पहुंची और उससे हिंसा के मामले में पूछताछ की जा रही है। बीते दिनों 3 दिसंबर को बुलंदशहर के स्याना में गोकशी को लेकर हिंसा हुई थी। हिंसा में पुलिस इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह और चिंगरावठी के युवक सुमित की गोली लगने से मौत हो गई थी।
इस मामले में एसआई सुभाष चंद्र ने 27 नामजद और 50- 60 अज्ञात के खिलाफ स्याना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस मामले में अभी तक 35 आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं। हिंसा में नामजद भाजयुमो का स्याना का पूर्व नगर अध्यक्ष शिखर अग्रवाल फरार चल रहा था। एसपी सिटी अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि शिखर अग्रवाल को हापुड़ से पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। शिखर अग्रवाल से पूछताछ की जा रही है।
अभी भी हिंसा मामले में 50 आरोपी फरार चल रहे हैं।