कोलकाता: पश्चिम बंगाल में मालदा और मुर्शिदाबाद के बाद अब सिलीगुड़ी शहर में हिंसा भड़क उठी है। बताया जा रहा है कि सिलीगुड़ी नगर निगम के ज्योति नगर इलाके में दो पक्षों के बीच भिड़ंत हो गई, जिससे पूरे इलाके का माहौल गरमा गया है। घटना की जानकारी मिलते ही सिलीगुड़ी के पुलिस कमिश्नर भारी संख्या मे पुलिस बल के साथ पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में दो कंपनी रैफ के साथ भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। इलाके में स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच जमकर पत्थरबाजी हुई। इसमें कुछ लोगों को चोटें भी आई है। कई घरों में कांच की खिड़कियां टूट गई है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सिलीगुड़ी पुलिस के डीसीपी (वेस्ट) बीसी ठाकुर, डीसीपी (मुख्यालय) तन्मय सरकार को लेकर पुलिस कमिश्नर सी सुधाकर इलाके में पहुंचे। यहां दोनों पक्षों के लोग लाठी डंडों के साथ आमने-सामने थे। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए दोनों पक्षों को खदेड़ा। इसके बाद दो कंपनी रैफ के साथ पुलिस बल की तैनाती की गई।
पुलिस कमिश्नर सी सुधाकर ने कहा कि एक अफवाह की वजह से दो गुटों मे विवाद हुआ। दोनों पक्षों में पत्थरबाजी भी हुई। सूचना मिलते ही पुलिस ने मोर्चा संभाला। लोगों से अफवाह पर ध्यान नहीं देने कि अपील की गई है।
गौरतलब है कि इससे पहले बंगाल में मालदा के मोथाबाडी और मुर्शिदाबाद शहर में हिंसा की घटनाएं हो चुकी है। मुर्शिदाबाद में तो अभी भी स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।
फोटो: सोशल मीडिया से साभार