ताज़ा खबरें
एसआईआर के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन आजादी की दूसरी लड़ाई: खड़गे
जेडीयू से बाहर निकाले जाने पर अनंत सिंह बोले- बनाऊंगा अपनी पार्टी
रामलीला मैदान की रैली से पहले राहुल बोले- बीजेपी का दिल से धन्यवाद

गुवाहाटी: असम चुनाव के नतीजे सामने आने के बाद बदरुद्दीन अजमल की पार्टी एआईयूडीएफ का किंगमेकर बनने का सपना साकार नहीं हो सका और उनकी पार्टी के खाते में 13 सीटें जाती दिख रही हैं। चुनाव में अजमल को खुद हार का सामना करना पड़ा। चुनाव में जहां भाजपा नीत गठबंधन 87 सीटें जीतकर राज्य में सत्ता पर कब्जा जमाने के करीब पहुंच गई है वहीं 2011 में 18 सीट जीतने वाली अजमल की एआईयूडीएफ को इस बार 13 सीटें ही मिलती दिख रही हैं। पिछले विधानसभा में अजमल की पार्टी मुख्य विपक्षी दल थी। दक्षिण सल्मारा: एआईयूडीएफ प्रमुख और धुवरी से सांसद बदरुद्दीन अजमल की 16,723 मतों से हार हुई। उन्हें कांग्रेस प्रत्याशी वाजिद अली चौधरी ने पराजित किया। चुनाव में मतदान के दौरान बदरुद्दीन अजमल ने भविष्यवाणी की थी कि इस चुनाव में किसी को बहुमत नहीं मिलेगा और वे किंगमेकर की भूमिका में होंगे। उन्होंने संकेत दिया था कि वे कांग्रेस के साथ जा सकते हैं। हालांकि बदरुद्दीन की पेशकश को कांग्रेस ने तब यह कहकर खारिज कर दिया था कि उसे किसी की जरूरत नहीं पड़ेगी। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, चुनाव के दिन अजमल ने भाजपा से दूरी बनाने की बात संभवत: इसलिए की थी क्योंकि मतदाताओं के बीच यह संदेश न फैल जाए कि चुनाव के बाद एआईयूडीएफ, भाजपा का दामन थाम सकती है।

गुवाहाटी: असम में बराक घाटी के करीमगंज और हैलाकांडी जिलों में मूसलाधार बारिश के बाद हुए भूस्खलन में 10 लोगों की मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि करीमगंज जिले के सोनाचिर्रा में तड़के हुए भस्खलन में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत हो गई। भूस्खलन भारी बारिश की वजह से हुआ। इसने पहाड़ी के किनारे बने एक घर को अपनी चपेट में ले लिया जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक व्यक्ति, उसकी पत्नी, उसकी एक बेटी और दो बेटे शामिल हैं। इस इलाके में पिछले तीन दिन से लगातार बारिश हो रही है। पड़ोसी हैलाकांडी जिले में भूस्खलन की दो घटनाएं हुई है। पहली घटना बिलाईपुर में हुई जिसमें चार व्यक्तियों की मौत हुई, जबकि रामचांदी इलाके में हुए भूस्खलन में छह वर्षीय एक बच्चे की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मलबा दो घरों पर गिरा जहां मृतक सो रहे थे।

गुवाहाटी: असम और मेघालय में आज (शनिवार) अपराह्न मध्यम दर्जे का भूकंप आया। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता चार दर्ज की गई। भारतीय मौसम विभाग की वेबसाइट पर आई जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में अपराह्न तीन बजकर 13 मिनट पर आए भूकंप की तीव्रता चार मापी गई। भूकंप का केन्द्र मेघालय में पूर्वी खासी हिल्स में 10 किलोमीटर की गहराई में था। अभी तक कहीं से जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। असम में कल रात हल्का भूकंप आया था, जिसकी तीव्रता तीन मापी गई थी।

गुवाहाटी: असम में अलग-अलग घटनाओं में भयानक तूफान और गाज गिरने से कम से कम पांच व्यक्तियों की मौत हो गई। असम में तिनसुकिया जिले के मर्गहेरिटा चाय बागान में गुरुवार की रात में भयानक तूफान से एक ही परिवार के तीन व्यक्तियों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य व्यक्ति घायल हो गए। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि तूफान से घर की टिन वाली छत नीचे गिर गई, जिसके नीचे दबकर एक ही परिवार के तीन व्यक्तियों की मौत हो गई। चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान राधिका बिरसा, अनु टांटी और मैना टांटी के रूप में हुई है। एक अन्य घटना में पड़ोसी डिब्रूगढ़ जिले में मोरन कस्बे के गोजपुरिया इलाके के एक घर में आकाशीय गाज गिरने से नारायण चितुआ की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि चचार जिले की बराक घाटी के दुधपाटिल इलाके में गुरुवार को आधी रात में भयानक तूफान आने पर एक पेड़ उखड़कर घर पर गिर गया, जिससे एक 70 वर्षीय महिला की मौत हो गई और उसके परिवार के तीन व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए।

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख