ताज़ा खबरें
एसआईआर के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन आजादी की दूसरी लड़ाई: खड़गे
जेडीयू से बाहर निकाले जाने पर अनंत सिंह बोले- बनाऊंगा अपनी पार्टी
रामलीला मैदान की रैली से पहले राहुल बोले- बीजेपी का दिल से धन्यवाद

माजुली: भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार सर्वानंद सोनोवाल ने आज (सोमवार) कहा कि असम विधानसभा चुनाव में लोग बदलाव के लिए मतदान कर रहे हैं क्योंकि वे राज्य में विकास चाहते हैं। ब्रह्मपुत्र के बीचोबीच बसे टापू माजुली से चुनाव लड़ रहे सोनोवाल ने कहा, ‘‘स्वतंत्र, बेदाग और सक्षम सरकार के लिए लोग बदलाव चाहते हैं। वे ऐसा प्रशासन चाहते हैं जो उनकी संस्कृति की भी रक्षा करे।’’ उन्होंने कहा कि राज्य के युवा तबके में बदलाव को लेकर बहुत अधिक उत्साह है और विदेश में रहने वाले एवं राज्य से बाहर रहने वाले लोग भी अपने मताधिकार का प्रयोग करने आये हैं। सोनोवाल ने दावा किया कि माजुली में सरकार होने के बावजूद उनको और उनके पार्टी कार्यकर्ताओं को सभी मतदान केंद्रों पर तैनात रहना पड़ रहा है।

जोरहाट: असम में कांग्रेस सरकार के चुने जाने का भरोसा जाहिर करते हुए मुख्यमंत्री तरूण गोगोई ने कहा है कि केवल उनकी पार्टी ही राज्य में विकास के जरिए बेहतर बदलाव लायी है जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने वादों को पूरा करने में विफल रहे हैं। गोगोई ने अपना वोट डालने के बाद संवाददाताओं से कहा, लोग अच्छे के लिए बदलाव चाहते हैं, बुरे के लिए नहीं। उन्होंने कहा, हमें सौ फीसदी विश्वास है कि लोग हमें वोट देंगे। हम बदलाव लेकर आए, हमने इसे साबित किया और लोग इसे देख सकते हैं। मैं भी बदलाव चाहता हूं। जड़ बने रहना कौन चाहता है, हमने बेहतरी के लिए बदलाव किया है जबकि असम गण परिषद ने भी बदलाव किया लेकिन बुरे के लिए। गोगोई ने कहा, हर कोई जानता है कि 15 साल पहले हालात क्या थे जब अगप सत्ता में थी। उस समय वे विफल रहे, उस समय कोई विकास नहीं हुआ, कोई रोजगार नहीं। मुख्यमंत्री ने कहा, लोग यह भी देख सकते हैं कि मोदी ने अपने वादों को कितना पूरा किया है। पूरे भारत में उनकी लोकप्रियता समाप्त हो रही है, यहां तक कि उनके गुजरात, बिहार और अन्य राज्यों में भी। उन्होंने कहा, भाजपा दुष्प्रचार में शामिल है और वे बेहतरी के लिए बदलाव नहीं चाहते।

गुवाहाटी : केन्द्रीय जनजाति कल्याण मंत्री और बीजेपी नेता जुएल ओरांव उस समय बाल बाल बच गए जब उन्हें लेकर जाने वाले एक निजी हेलिकॉप्टर में उड़ान भरने से कुछ ही समय पहले आग लग गई। चुनावी सभाओं को संबोधित करने के वास्ते विभिन्न स्थानों पर जाने के लिए बीजेपी के अन्य नेताओं के साथ ओरांव जब हेलिकॉप्टर के अंदर बैठे हुए थे तब इसके उड़ान भड़ने से कुछ समय ही पहले हेलिकॉटर में आग देखी गई। अधिकारी ने बताया कि केन्द्रीय मंत्री और अन्य को तुरंत ही सुरक्षित रूप से दूर ले जाया गया और फिर आग पर काबू पाया गया।

तेजपुर (असम) : बदलाव की उम्मीद पाले असम के छात्र अपने राज्य में पड़ोसी राज्य त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक सरकार और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जैसा मुख्यमंत्री चाहते हैं, जो राज्य के समग्र विकास और सभी धर्मों के कल्याण के लिए काम करे। तेजपुर विश्वविद्यालय की छात्रा उद्दीपना गोस्वामी ने बताया, ‘एक बात तो तय है कि हम बदलाव चाहते हैं। लेकिन हम बेहतरी के लिए बदलाव चाहते हैं। भारतीय जनता पार्टी कहती है कि वे बदलाव हैं, लेकिन हालिया कुछ घटनाओं ने हमें चिंता में डाल दिया है।’ उद्दीपना गोस्वामी ने कहा कि छात्रों को असम में आरएसएस के प्रवेश करने और ‘क्षेत्रवाद पर राष्ट्रवाद को थोपने’ सहित लोगों के बीच ‘साम्प्रदायिक विभेद’ पैदा होने की चिंता है। उद्दीपना ने कहा, ‘उदाहरण के तौर पर, पहले हम छात्रों को यह परेशानी नहीं होती थी कि कौन क्या खा रहा है। लेकिन विश्वविद्यालय में अब छात्र ऐसी बातें करते रहते हैं कि वह गोमांस खा रहा है, वह सुअर का मांस खा रही है, आदि। यह घातक है।’ उनकी सहपाठी सुकन्या मजूमदार ने कहा कि भाजपा तरूण गोगोई सरकार के भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रचार कर रही है, लेकिन वह भी उसी में शामिल है और किसी जमाने में प्रभावशाली कांग्रेस के मंत्री रहे हिमंत बिस्व सरमा को महत्व दे रही है।

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख