ताज़ा खबरें
ज्वलंत मुद्दों पर जवाब नहीं देकर पीएम मोदी ने चुनावी भाषण दिया: विपक्ष
विकसित भारत का सपना कोई सरकारी सपना नहीं है : पीएम मोदी

लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) से विधानसभा चुनाव टिकट की नाउम्मीदी मिलने के बाद बाहुबली माफिया-राजनेता मुख्तार अंसारी के कौमी एकता दल (कौएद) का आज (गुरूवार) बहुजन समाज पार्टी (बसपा) में विलय कर दिया गया। बदले में उसे चुनाव के तीन टिकट मिल गये। बसपा मुखिया मायावती ने कौएद अध्यक्ष अफजाल अंसारी के साथ शाम को आयोजित संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा कौमी एकता दल का बसपा में बिना शर्त विलय कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि अंसारी परिवार के खिलाफ किसी के पास कोई सुबूत नहीं है, इसीलिये उनकी पार्टी का बसपा में विलय किया गया है। मायावती ने कहा कि मऊ से मौजूदा विधायक मुख्तार अंसारी को इसी सीट से, मुख्तार के बेटे अब्बास अंसारी को घोसी सीट से तथा उनके भाई सिबगतउल्ला अंसारी को मुहम्मदाबाद यूसुफपुर सीट से बसपा का टिकट दिया गया है। मायावती ने अंसारी परिवार का बचाव करते हुए कहा कि राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों ने छवि खराब करने के लिये इस खानदान के लोगों को फर्जी मुकदमों में फंसाया है। उन्होंने कहा अंसारी बंधु पूर्व में भी बसपा के टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं लेकिन सपा के दबाव में उन्होंने यह पार्टी छोड़ दी थी। मायावती ने जेल में बंद विधायक मुख्तार अंसारी का बचाव करते हुए कहा कि उनका नाम भाजपा विधायक कृष्णानन्द राय हत्याकांड मामले में आया था, जिसकी सीबीआई जांच हो रही है।

लखीमपुर खीरी: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज (बुधवार) चुनावी अभियान के तहत लखीमपुर खीरी में रैली को संबोधित किया। उन्होंने नोटबंदी पर बोलते हुए कहा कि लाइन में लगने वालों में कईयों की जान चली गई। समाजवादियों ने इनकी मदद की। उन्हें मुआवजा दिया। अच्छे दिन वालों ने कुछ भी नहीं किया। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार गरीबों की मदद करती है। हमारे घोषणा पत्र में बड़े काम भी हैं। साथ ही साथ गरीबों के लिए भी घोषणा पत्र में बहुत कुछ है। सपा-कांग्रेस गठबंधन पर बोलते हुए अखिलेश ने कहा कि साथ लड़ेंगे और सरकार यूपी में बनाएंगे। हाथ से अगर हैंडल ठीक ठाक चलेगा तो सोचो साइकिल कितनी तेज चलेगी। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा और बसपा के लोग कहते हैं कि सपा सरकार में कानून व्यवस्था खराब है, लेकिन पत्थर वाली सरकार के काम को कोई भी नहीं भूला है। उनके राज में ही सीएमओ का मामला हुआ था। उन्होंने कहा कि हमने देश की सबसे बढि़या कंपनी के लैपटॉप बांटे। समाजवादी पेंशन से भी लाखों महिलाओं को फायदा हुआ है। यूपी में पुलिस सेवा भी बेहतर करने का काम समाजवादियों ने किया है। अब अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे। उन्होंने कहा कि नोटबंदी के दौरान एक गर्भवती महिला ने बच्चे को बैंक में ही जन्म दिया था। लोगों ने उसका नाम खजांची रख दिया था।

लखनऊ: यूपी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सियासी सरगर्मी बढ़ते ही नेताओं की विवादित टिप्पणियां शुरु हो गईं हैं। जेडीयू नेता शरद यादव के विवादित बयान के बाद अब भाजपा नेता विनय कटियार ने एक बेतुका बयान दिया है। विनय कटियार ने कांग्रेस की स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी को लेकर एक अभद्र टिप्पणी की है। उन्‍होंने कहा कि प्रियंका गांधी से ज्यादा सुंदर महिलाएं राजनीति में हैं और स्‍टार प्रचारक हैं। प्रियंका गांधी को कांग्रेस का स्टार प्रचारक बनाए जाने पर उन्‍होंने कहा कि भाजपा में प्रियंका गांधी से सुंदर चेहरे वाले प्रचारक मौजूद हैं। बीजेपी में प्रियंका गांधी से ज्‍यादा सुंदर कई महिलाएं हैं। भाजपा में स्‍टार प्रचारक हैं, कई हीरोइनें हैं, सुंदर चेहरे वाले हैं। कई हीरोईन और मॉडल्स भी राजनीतिक दलों का प्रचार करती हैं।गौरतलब है कि कांग्रेस ने अपनी स्टार प्रचारकों की सूची में प्रियंका गांधी को भी शामिल किया है। यहाँ यह ज़िक्र ज़रूरी है कि यूपी विधानसभा चुनावों को लेकर भाजपा ने बीते दिनों 40 स्‍टार प्रचारकों की लिस्‍ट जारी की, जिसमें वरुण गांधी और विनय कटियार जैसे बड़े नेताओं का नाम नहीं है।

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को यूपी चुनाव के लिए उम्मीदवारों की तीसरी सूची जारी कर दी। इस सूची में पार्टी ने 67 प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया है। इससे पहले पार्टी अब तक 304 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर चुकी है। तीसरी लिस्ट में भाजपा ने स्वामी प्रसाद मौर्य को पडरौना से टिकट दिया है। वहीं सूर्य प्रताप शाही को पथरदेवा विधानसभा सीट से मैदान में उतारा है। सुल्तानपुर से पार्टी ने सूर्यभान सिंह को मैदान में उतारा है। वहीं, मोहनलालगंज सीट से आरके चौधरी को पार्टी ने उम्मीदवार बनाया है। गोरखपुर ग्रामीण सीट से विपिन सिंह को टिकट दिया गया है। आजमगढ़ से अखिलेश मिश्र को पार्टी ने प्रत्याशी घोषित किया है। बता दें कि इससे पहले बीजेपी ने पहली लिस्ट 149 उम्मीदवारों की जारी की थी। इसके कुछ दिनों बाद दूसरी लिस्ट का भी ऐलान किया। इसमें पार्टी ने 155 कैंडिडेट्स के नामों का ऐलान किया था।

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख