लखनऊ: सीएम योगी आदित्यनाथ के करीबी हिंदू युवा वाहिनी (भारत) के प्रमुख सुनील सिंह के अलावा बसपा, भाजपा और कांग्रेस के कई प्रमुख नेताओं ने भी समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया। सपा मुख्यालय में शनिवार सुनील सिंह अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ सपा में शामिल हो गए। हिन्दू युवा वाहिनी में रहते हुए वह कभी योगी आदित्यनाथ के करीबी थे। सुनील सिंह को इस समारोह में लाल टोपी पहनाई गई। इस अवसर पर पूर्व रक्षा मंत्री और पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव ने नौजवानों को आशीर्वाद दिया।
अखिलेश यादव बोले- भाजपा सरकार की उल्टी गिनती शुरू
इन नेताओं के आने से उत्साहित सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि अब सरकार के पास समय कम है। उसकी उल्टी गिनती शुरू हो गई। साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि इन साथियों के आने से 2022 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनना निश्चित है। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के पास हिंदू-मुस्लिम की राजनीति करने के अलावा और कोई काम नहीं रह गया है। यह सरकार पहले ही दिन से अन्याय कर रही है। विरोध करने वालों पर झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। अब तो मुख्यमंत्री के पास समय भी नहीं बचा है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने विकास का रास्ता रोककर राज्य को विनाश के रास्ते पर ले जाने का काम किया है।
अखिलेश यादव ने कहा कि उन्हें इस बात की खुशी है कि योगी आदित्यनाथ की सरपरस्ती वाली हिंदू युवा वाहिनी के लोग सपा के साथ आ गए हैं। अब सुनील सिंह व उनके साथियों की नागरिकता खतरे में पड़ जाएगी। लेकिन उन्हें विश्वास है कि भाजपा के लोगों द्वारा धर्म की आड़ में किए जा रहे अधर्म का खुलासा यह लोग करेंगे।
सपा अध्यक्ष ने कहा, यह परंपरा (एक दूसरे के नेताओं को अपने दल में शामिल करने की) तो भाजपा ने ही शुरू की है। उसने हमारे विधान परिषद सदस्य बुक्कल नवाब को ले लिया और उनसे कहा कि जाओ हनुमान जी की पूजा करो। भाजपा ने अभी नागरिकता को लेकर कितना बड़ा सवाल खड़ा कर दिया गया। नागरिकता का मामला असम से शुरू हुआ था लेकिन कोई असम के लोगों से पूछे कि क्या वे वहां हुई एनआरसी की कवायद से संतुष्ट हैं?
भाजपा सरकार पर बरसे सुनील
सुनील सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार ने युवाओं को ठगने का काम किया है। अब समय आ गया है कि इसे सत्ता से बेदखल किया जाए और अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाया जाए। अगले विधानसभा चुनाव में सपा का सत्ता में आना तय है। भाजपा का अगले विधानसभा चुनाव में सूपडा साफ हो जायेगा।
समाजवादी पार्टी मुख्यालय में आयोजित समारोह में हिन्दू युवा वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील सिंह, बसपा के पूर्व मंत्री डाॅ. रघुनाथ प्रसाद शंखवार पूर्व लोकसभा प्रत्याशी मोहनलालगंज सीएल वर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष बसपा लखनऊ महादीन गौतम, मऊ के राजेन्द्र कुमार, पूर्व कैबिनेट मंत्री और नोएडा के भाजपा नेता दीपक विग के साथ के कई नेता समाजवादी पार्टी में शामिल हुए।