ताज़ा खबरें
बैतूल के कोयला खदान में स्लैब गिरने से मलबे में दबे तीन लोगों की मौत
हमें इंतजार है, 8 मार्च को महिलाओं के खातों में पैसे आएंगे: गोपाल राय
'आप' पार्षदों की बैठक में संगठनात्मक मजबूती पर हुई चर्चा: गोपाल राय
'सड़कों पर गढ्ढे, गलियों में अंधेरा है', सपा विधायक ने सरकार को घेरा

झांसी: समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की कानून एवं व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए गुरुवार को तंज किया कि यहां भाजपा के शासन में रामराज नहीं बल्कि 'नाथूराम राज' दिखाई दे रहा है। अखिलेश ने झांसी में पिछले दिनों हुई कथित पुलिस मुठभेड़ में मारे गये पुष्पेन्द्र यादव नामक व्यक्ति की मौत की हाई कोर्ट के किसी सेवारत न्यायाधीश से जांच की मांग दोहराते हुए संवाददाता सम्मेलन में कहा कि उत्तर प्रदेश में मॉब लिंचिंग के साथ-साथ अब तो 'पुलिस लिंचिंग' भी होने लगी है।

उन्होंने कहा कि जिस तरह से पुलिस ने वसूली का विरोध करने पर पुष्पेन्द्र की हत्या कर दी, उसे देखते हुए यही लगता है कि भाजपा के शासन में उत्तर प्रदेश में रामराज नहीं बल्कि 'नाथूराम राज' है। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा इस फर्जी मुठभेड़ के लिए स्थानीय प्रशासन जिम्मेदार है। उसने पुष्पेन्द्र के उस सीआईएसएफ के जवान भाई को भी कथित मुठभेड़ का आरोपी बना दिया है जो घटना के वक्त दिल्ली में ड्यूटी पर तैनात थे। क्या राष्ट्रवादी सरकार जो हर दिन पाकिस्तान को गाली देती है, वह उसको न्याय दिलाएगी।

पुष्पेन्द्र की अभी-अभी शादी हुई थी, क्या उसकी पत्नी को न्याय मिलेगा? यह सबसे बड़ा सवाल है।

उन्होंने कहा कि अब शासन तथा प्रशासन पर कोई भरोसा नहीं रहा है। इस मामले की जांच उच्च न्यायालय के जज से ही कराए जाने पर न्याय मिल सकता है। मालूम हो कि गत 5/6 अक्टूबर की देर रात गुरसराय क्षेत्र में पुलिस से हुई कथित मुठभेड़ में गोली लगने से पुष्पेन्द्र यादव नामक व्यक्ति की मौत हो गयी थी।

अखिलेश यादव ने कहा, 'पीड़ितों की एफआईआर दर्ज नहीं होती है, चिन्मयानंद मामले में पीड़िता को जेल भेज दिया गया। उन्नाव घटना में पीड़िता को न्याय नहीं मिला, उन्नाव की पीड़िता का परिवार तबाह हो गया।' आजम खान पर बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा, 'एक सांसद पर बकरी चोरी का केस दर्ज हो गया। मऊ जिले में गोलीकांड हुआ, सोनभद्र कांड में कई लोगों की जान गई। पुलिस के टॉर्चर से लोग परेशान हैं।' उन्होंने कहा कि झांसी मामले में सरकार अपनी जिम्मेदारी ले और दोषियों पर कार्रवाई करे। सपा अध्यक्ष ने कहा कि उनकी पार्टी पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है, पुष्पेंद्र के परिवार को न्याय दिलाने के लिए वह पूरे प्रदेश में आंदोलन छेड़ेंगे। उन्होंने बताया कि जल्द ही साइकिल यात्रा शुरू की जाएगी, वह खुद यात्रा को झंडी दिखाने आएंगे।

पुलिस के मुताबिक पुष्पेन्द्र बालू खनन के अवैध कारोबार में लिप्त था और मुठभेड़ से पहले उसने मोठ थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह चौहान पर गोली चलाकर उनकी कार लूट ली थी। बाद में भोर करीब तीन बजे पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में वह मारा गया था। इस बीच, पुष्पेन्द्र के परिजन का आरोप है कि थानाध्यक्ष चौहान बालू खनन मामले में उससे डेढ़ लाख रुपये रिश्वत मांग रहे थे, जिसे न दे पाने की वजह से उनकी हत्या कर दी गयी और उसे मुठभेड़ का नाम दे दिया गया। सपा अध्यक्ष अखिलेश ने बुधवार को पुष्पेन्द्र के परिजन से मुलाकात करके उन्हें न्याय का आश्वासन दिया था।

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख