ताज़ा खबरें
बैतूल के कोयला खदान में स्लैब गिरने से मलबे में दबे तीन लोगों की मौत
हमें इंतजार है, 8 मार्च को महिलाओं के खातों में पैसे आएंगे: गोपाल राय
'आप' पार्षदों की बैठक में संगठनात्मक मजबूती पर हुई चर्चा: गोपाल राय
'सड़कों पर गढ्ढे, गलियों में अंधेरा है', सपा विधायक ने सरकार को घेरा

झांसी: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को पुष्पेन्द्र के परिजनों से मुलाकत की। इस दौरान अखिलेश ने परिवार वालों से कहा कि हम संघर्ष करेंगे और आपको न्याय दिलाएंगे। अखिलेश बुधवार को पुष्पेन्द्र के परिजनों से मिलने झांसी पहुंचे हैं। पुष्पेन्द्र के परिजनों से मिलने के बाद अखिलेश यादव आज रात्रि विश्राम झांसी सर्किट हाउस में करेंगे और 10 अक्टूबर को झांसी से लखनऊ के लिए प्रस्थान करेंगे। पुष्पेन्द्र यादव की बीते 5 अक्टूबर को पुलिस एनकाउंटर में मौत हुई थी।

पुष्पेन्द्र के परिजनों से मिलने के बाद सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार में सत्ता का दंभ अब सिर चढ़कर बोल रहा है। वह जनता की आवाज को बूटो तले रौंदते हुए मनमानी पर उतर आयी है। लोकतंत्र में संविधान और नैतिक मूल्यों को दरकिनार करते हुए भाजपा की प्रदेश सरकार को भ्रम है कि उसके अवांछित आचरण की जनता उपेक्षा कर देगी या मौन रहकर सह लेगी। लेकिन अत्याचारी जान लें इंसाफ की सुबह होकर रहेगी।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, झांसी में विजयदशमी की सुबह से पहले रात के अंधेरे में सत्ता की ताकत झोंककर पुष्पेन्द्र यादव का अंतिम संस्कार कर सरकार ने न्याय की चिता जलाई है। उनहोंने कहा कि परिवारीजन और स्थानीय जनता मांग कर रही थी कि फर्जी एनकाउंटर करने वाले दारोगा धर्मेन्द्र सिंह के खिलाफ भी धारा 302 में रिपोर्ट लिखी जाए तभी पुष्पेन्द्र के शव को लिया जाएगा। स्मरणीय है, पुष्पेन्द्र को 5 अक्टूबर को एनकाउंटर में पुलिस ने मार गिराने का दावा किया था।

अखिलेश ने कहा, पुलिस का बेहद निंदनीय रवैया यह रहा है कि पुष्पेन्द्र को न्याय देने के बजाय उलटा उनके शोकाकुल परिजनों पर झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस दरअसल अपने किए पाप पर पर्दा डालने के लिए जनता की आवाज को कुचलने पर तुले हैं। उन्होंने कहा, पुलिस का यह रवैया झांसी के मामले में ही नहीं बदायूं में हिरासत में दम तोड़ने वाले बृृजपाल के साथ भी नजर आया, जब उसका अंतिम संस्कार जबरन पुलिस ने करा दिया।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार के मंत्री बिना जांच हुए ही पुलिस की कहानी दुहराने लगे हैं। स्पष्ट है कि पूरी भाजपा सरकार फर्जी एनकाउंटर का भंडाफोड़ होने की आशंका से सकते में हैं। वह भय, दहशत और आतंक के बल पर अपनी बात मनवाना चाहती है। उन्होंने कहा, समाजवादी पार्टी अन्याय के खिलाफ हमेशा संघर्ष करती रही है। उसकी मांग है कि पुष्पेन्द्र यादव के मामले सहित पूर्व में हुए सभी फर्जी एनकाउंटरों की जांच हाईकोर्ट के किसी वर्तमान न्यायाधीश से कराई जाए। इससे सच्चाई सबके सामने आ सकेगी।

अखिलेश की यात्रा से पहले सपाई भेजे गये जेल

पुष्पेन्द्र एनकाउंटर कांड दिनों दिन तूल पकड़ता जा रहा है। मामले की जांच कर रही पुलिस पुष्पेन्द्र की मौत हत्या या एनकाउंटर में हुई की गुत्थी सुलझाने में लगी है। पुष्पेंद्र के एनकाउंटर के खिलाफ प्रदर्शनकारियों की संख्या बढ़ती ही जा रही है। आज बुधवार को उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी मौके पर पहुंचने वाले हैं। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि एनकाउंटर करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए। पुलिस के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर काफी संख्या में लोग मोंठ तहसील में धरने पर बैठे थे।

प्रदर्शनकारियों में आम चुनावों के दौरान वाराणसी से पीएम मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ने की घोषणा के बाद सुर्खियों में आए फौजी तेज बहादुर शामिल हैं। हालात पर नियंत्रण बना रहे इसके लिए पुलिस ने आज गुरुवार को मौके पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 40 प्रदर्शनकारियों को जेल भेज दिया है। 40 प्रदर्शनकारियों को जेल भेजने की कार्रवाई अखिलेश यादव के वहां आने से कुछ घंटे पहले की गई। इस कार्रवाई के पीछे प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कायम रखने का तर्क दिया है। हिरासत में लिए हुए सभी प्रदर्शनकारियों को झांसी जिला जेल भेज दिया गया है।

बताते चलें कि पुष्पेन्द्र एनकांउटर सवालों के घेरे में है। विगत दिवस फौजी तेज बहादुर झांसी पहुंचा। जहां शाम से फौजी तेजबहादुर समेत 40 ग्रामीण मोंठ तहसील में शांतिपूर्ण ढंग से धरने पर बैठे हुए थे। तेज बहादुर समेत सभी प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि पुष्पेन्द्र का एनकाउंटर करने वाले मोंठ थानेदार के खिलाफ हत्या का मुकद्मा दर्ज कर उसे तत्काल गिरफ्तार किया जाये।

अभी धरना चल ही रहा था कि देर रात्रि पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए धरना प्रदर्शनकर रहे तेजबहादुर समेत 40 प्रदर्शनकारियों को पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के झांसी पहुंचने से पहले ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किये गये सभी प्रदर्शनकारियों को झांसी जिला जेल भेज दिया गया है।

शिवपाल का बेटा भी मिला परिजनों से

इससे पहले मंगलवार देर रात प्रसपा प्रेसीडेंट शिवपाल सिंह यादव के बेटे आदित्य यादव ने झांसी में पुष्पेन्द्र के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान पुष्पेंद्र की पत्नी शिवांगी ने आदित्य से न्याय की भीख मांगी। शिवांगी ने आदित्य का हाथ पकड़ कर कहा कि भइया हमें न्याय दिला दो। शिवांगी की हालत देख हर किसी की आंखे नम हो गईं। मीडिया से बातचीत में आदित्य यादव ने कहा कि ये एनकाउंटर नहीं हत्या है। लोकतंत्र का गला घोंटा जा रहा है। घूसखोरी को छिपाने के लिए एक बेगुनाह को पुलिस ने मार डाला और बाद में करतूत पर पर्दा डालने के लिए हत्या को मुठभेड़ की शक्ल दे दी।

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख