लखनऊ: अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रवीण तोगड़िया कहा है कि अयोध्या में मंदिर बनाए जाने की शर्त पर ही वोट दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण में देरी मत कीजिए यह हिन्दुओं की आस्था है। बीती देर रात दो बजे इको गार्डन में रैली करने के लिए अनुमति मिलने के बाद डॉ. तोगड़िया रविवार को यहां समर्थकों को संबोधित कर रहे थे। इसके पूर्व जिला प्रशासन ने प्रवीण तोगड़िया को रैली की अनुमति देने से मना कर दिया था। काफी मानमनौव्वल के बाद सिर्फ इको गार्डेन में रैली की अनुमति दी गई।
डॉ. तोगड़िया ने रैली के बाद बाराबंकी तक पदयात्रा, फिर अलग-अलग वाहनों से अयोध्या कूच करने की घोषणा की थी लेकिन प्रशासन के सख्त रुख के कारण तोगड़िया संबोधन के बाद सरकारी वाहन से रैली स्थल से बाहर निकले। इस रैली में विभिन्न राज्यों से लोग पहुंचे। समर्थकों के आने के दौरान सुबह से शाम तक पुलिस और प्रशासन के अफसरों की सांस ऊपर-नीचे होती रही। कार्यक्रम की शुरुआत शंखनाद, ओम के जाप, श्रीराम वंदना और हनुमान चालीसा से हुई।
डॉ. तोगड़िया ने मंच से पीएम पर निशाना साधा। केंद्र सरकार को चेताया कि श्रीराम की जन्मस्थली बनाओ वरना गद्दी छोड़ो। कहा, बेरोजगारी बढ़ रही है। महंगाई से जनता परेशान है। मंच से डॉ. मुक्ता मुकाली, सुरेश, माला व ईश्वरी आदि ने भी सम्बोधित किया।
पैदल मार्च नहीं करने दिया
भारी संख्या में पुलिस बल के साथ एडीएम सिटी पूर्व वैभव मिश्रा, एसीएम तृतीय बृजेन्द्र कुमार रैली खत्म होने तक घेराबंदी किए रहे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद तोगड़िया व अन्य नेताओं को पैदल मार्च नहीं करने दिया गया। तोगड़िया सरकारी वाहन से आए थे और उसी से वापस गए। प्रशासन ने इस दौरान स्पष्ट किया कि शांति पूर्वक अयोध्या जाने में कोई दिक्कत नहीं है।