नई दिल्ली: (जनादेश ब्यूरो): समाजवादी पार्टी की लोकतंत्र बचाओ साइकिल यात्रा का समापन दिल्ली में 23 सितंबर को होगा। साइकिल यात्रा के समापन के मौके पर दिल्ली में रैली आयोजित की जाएगी। सूत्रों का कहना है कि इस रैली को सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव भी संबोधित करेंगे। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने भाजपा के खिलाफ रणनीति के तहत प्रदेश भर में लोकतंत्र बचाओं साइकिल यात्रा के माध्यम से भाजपा की जनविरोधी नीतियों को जन जन तक पहुुचाने के लिए साइकिल यात्रा शुरू की है।
सपा युवजन सभा के कार्यकर्ता पार्टी की इस मुहिम को अंजाम देने का काम कर रहे हैं। पार्टी के युवा इस साइकिल यात्रा से प्रदेश के गांव गांव में पहुंच कर अखिलेश सरकार की उपलब्ध्यिों को जन जन तक पहुंचाने में जुटे है। सपा के साइकिल यात्री बुकलेट वितरित करके उन योजनाओं को पूरे प्रदेश में पहुंचाने का काम कर रहे है, जो सपा ने अपने शासनकाल में चलाई थी। सपा की प्रमुख योजनाओं की एक साइकिल बनाई गई है। जिसके जरिए पार्टी अपने शासनकाल में हुए विकास कार्यों की तुलना भाजपा शासनकाल से करते हुए, जनता को अपने कामों की याद दिला रही है।
मिशन 2019 की तैयारी में सभी प्रमुख राजनीतिक दल जुट चुके हैं। सियासी सरगर्मियां लगातार बढ़ रही हैं। उत्तर प्रदेश राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 में दो जगह से चुनाव लड़ा था। उन्होंने अपने गृह राज्य गुजरात के अलावा उत्तर प्रदेश को भी चुना था। वर्तमान में वह वाराणासी से सांसद हैं। लिहाजा सपा के निशाने पर पीएम मोदी का होना स्वाभाविक है। यूं तो पीएम मोदी ने 2014 के बाद हर सूबे के चुनाव में अपनी पूरी ताकत झोंकी है। लेकिन यूपी विधान सभा चुनाव के अंतिम चरण में उन्होंने तीन दिन तक अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में प्रवास किया था। चुनाव नतीजे भी अप्रत्याशित आये थे। 2002 के बाद भाजपा ना सिर्फ सत्ता में लौटी, बल्कि उसने पुराने सभी रिकार्ड भी तोड़े।
लोकसभा चुनाव में यूपी भाजपा की प्रतिष्ठा का मुद्दा है। लिहाजा भाजपा ने अपनी गतिविधियां सबसे अधिक इसी प्रदेश में बढ़ाई हैं। केन्द्रीय नेतृत्व भी पूरी तरह उत्तर प्रदेश में सक्रिय है। यह सक्रियता देख सपा ने भी अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। सपा का प्रयास है कि वह जन-जन तक अपनी बात पहुंचाए और भाजपा की पोल खोले। इसके लिए पार्टी ने 2012 से 2017 के बीच सपा शासनकाल में किए गए कामों की जानकारी देने का खास तरीका अपनाया है। सपा के युवा पदाधिकारियों ने साइकिल यात्रा के माध्यम से सपा की कल्याणकारी को योजनाओं जन जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया है, सपा की साइकिल यात्रा गांव-गांव होते हुए दिल्ली तक पहुंचेगी।
वायरल हो रही साइकिल
सोशल मीडिया पर पार्टी इस साइकिल को जमकर वायरल कर रही है। इस साइकिल का निर्माण सपा द्वारा अपनी चर्चित योजनाओं डायल 100, लैपटॉप वितरण, लखनऊ आगरा एक्सप्रेस-वे, 108 एंबुलेंस, ई-रिक्शा वितरण, मेट्रो लखनऊ, 1090 वुमन पॉवर आदि के नाम पर किया गया है। पार्टी योजनाओं के नाम से चुनाव चिह्न आकार के कटआउट भी तैयार कराएगी। सपा के साइकिल यात्री पर्चा बंट कर लोगों को ना सिर्फ भाजपा के झूठे प्रचार की हकीकत बता रहे हैं, बल्कि सार्वजनिक स्थानों पर लगाकर जनता का ध्यान भाजपा की जन विरोधी नीतियोा खींचने की कोशिश करने का प्रयास कर रहे हैं।