नई दिल्ली: समाजवादी पार्टी के संरक्षक और आजमगढ़ से सांसद मुलायम सिंह यादव ने अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान मोदी सरकार पर जमकर हमला किया। उन्होंने कहा कि भाजपा को सोचना चाहिए कि सत्ता में रहते हुए भी वह उपचुनाव में सीटें क्यों गंवाती जा रही है। धर्म, जाति के नाम पर देश का माहौल खराब हो रहा है। सरकार कुछ बेहतर करना चाहती है तो हम राय भी देने को तैयार हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से किसान, युवा और कारोबारियों की समस्याएं दूर करने की अपील की।
मुलायम ने चर्चा की शुरुआत करते हुए भाजपा पर जमकर निशाना साधा। कहा, आपकी सरकार में बैठे लोगों को ही नहीं पता है कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री क्या कर रहे हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि अमेरिका एक समय बहुत गरीब देश था, लेकिन उसने किसानों को मौका दिया और उन्हें घाटा नहीं होने दिया। किसानों को मौका देकर अमेरिका आगे पहुंचा है। हिंदुस्तान का किसान सबसे ज्यादा मेहनती है। इसके बावजूद पैसे के अभाव में उसकी जान जा रही है। खाद, बीज, सिंचाई सबकुछ महंगा हो गया है।
उन्होंने कहा कि मैं यही बताना चाहता हूं कि किसान, बेरोजगार और व्यापारी बहुत परेशान हैं। व्यापारी रो रहा है। केंद्र को उनकी समस्याओं के निवारण के लिए ज्यादा प्रभावी कदम उठाने होंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार किसानों और नौजवानों की अनदेखी कर रही है। अगर सरकार किसानों और नौजवानों के लिए कुछ काम कर दे तो बात बन जाए।