लखनऊ: ब्रज में एक बार फिर बवंडर का कहर बरपा। बुधवार की देर शाम करीब आधे घंटे तक आई आंधी, बारिश और ओलावृष्टि में यहां 9 लोगों की मौत हो गई। इनमें मथुरा में 3, आगरा में 2 और अलीगढ़, हाथरस, फिरोजाबाद और एटा में एक-एक मौत हुई है। इसके अलावा करीब दो दर्जन लोग घायल बताए जा रहे हैं।
मथुरा में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि से दो महिला समेत तीन की मौत हो गई। टैंटीगांव में आंधी से टूटे बिजली खंभे की चपेट में आकर 55 वर्षीया शकुंतला पत्नी छैलसिंह की मौत हो गई। जबकि गांव खंजरा वास में आंधी से ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से 38 वर्षीय भगवती निवासी झंडा मरहला की मौत हो गई। वहीं मुखत्यारी पत्नी रामस्वरूप निवासी छौली, बल्देव भी बिजली के खंभे की चपेट में आकर घायल हो गई थीं। इनकी अस्पताल में मौत हो गई।
इसके अलावा राया के गांव ककरेटिया में स्कूल की दीवार गिरने से 50 वर्षीय गुल्लड़, शेरगढ़ के गांव धींमरी में ओलों से फौजी युवक के सिर में चोट आ गई। आगरा में अंधड़ से शहर और देहात क्षेत्र के तमाम बाजार बंद हो गए। देहात में कई जगह ओले गिरे और बारिश हुई। 66.5 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से आए अंधड़ में एत्मादपुर में दो की जान चली गई। वहीं खंदौली ब्लाक में तीन बच्चे घायल हुए हैं।
फिरोजाबाद में ओमनगर में रमेश चंद्र जोशी (48) पुत्र जगदीश चंद्र घर से बाहर गया था। तभी तेज आंधी में बिजली के पोल से टकरा गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं जिलेभर में कई विद्युत पोल टूटे हैं। मकान गिरे हैं और टिनशेड उड़कर गिर गईं। एटा के थाना बागवाला के गांव लोहाखार निवासी गोविंद (10) पुत्र अरविंद मंगलवार रात परिवारीजनों के साथ छत पर सो रहा था। रात में अचानक आंधी आई। नीचे उतरने की जल्दी में वह छत से गिर गया। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
वहीं अलीगढ़ के इगलास में अनीता पत्नी धर्मेंद्र और हाथरस में एक किशोर भूपेंद्र भी आंधी का शिकार बने। वहीं मैनपुरी और कासगंज में आंधी और ओलावृष्टि की सूचना है। इससे फसलों को नुकसान बताया जा रहा है, लेकिन अभी तक किसी जनहानि की खबर नहीं है।
आगरा में ब्लैक आउट
देर शाम आई तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि से आगरा में ब्लैक आउट की स्थिति बन गई है। अधिकांश इलाकों में बिजली गुल बताई जा रही है। इसके अलावा मथुरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा और कासगंज में भी कई इलाकों में बिजली गुल होने की खबर है।