आगरा: आगरा में एक्सप्रेस वे पर एत्मादपुर के पास हिमाचल प्रदेश के मंडी से बच्चों को लेकर आ रही बस शुक्रवार की सुबह खाई में पलट गई। इसमें दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि 100 से ज्यादा घायल हैं। बस हादसा टायर फटने से हुआ। घायलों को यमुनापार के कई हॉस्पिटलों व एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार बागपत नंबर की टूरिस्ट बस हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से आलोक भारती स्कूल के करीब 125 बच्चों को ब्रज भ्रमण पर लाई थी। गुरुवार को छात्रों ने मथुरा, वृंदावन का भ्रमण किया था।
शुक्रवार की सुबह आगरा भ्रमण के लिए बस एक्सप्रेस वे के रास्ते आगरा आ रही थी कि एत्मादपुर में गढ़ी रम्मी के पास टायर फटने से हादसा हो गया। घटना की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम और प्रशासन तक पहुंची। इसके बाद बस को क्रेन से बाहर निकाला गया।
इसके बाद घायलों को आगरा के यमुनापार इलाके में स्थित कई अस्पतालों और एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। कई बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है।