लखनऊ: ताजमहल पर भाजपा विधायक संगीत सोम के बयान के बाद मचे घमासान पर यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि यह मायने नहीं रखता कि इसे (ताजमहल) किसने और क्यों बनाया। यह भारतीय मजदूरों के खून-पसीने से बनाया गया है। आपको बता दें कि संगीत सोम ने कहा था कि ताजमहल को ऐतिहासिक धरोहर नहीं कहा जा सकता।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ताजमहल हमारे लिए बहुत जरूरी है, खासकर पर्यटन की दृष्टि से। पर्यटकों को सुरक्षा और सुविधा देना हमारी जिम्मेदारी है। इतना ही नहीं सीएम 26 अक्टूबर को आगरा जाएंगे। इस दौरान वह ताजमहल और आगरा के किले का दौरा भी कर सकते हैं।
गौरतलब है कि सरधना से भाजपा विधायक संगीत सोम ने रविवार को मेरठ के सिसौली स्थित पीआरडी स्कूल ग्राउंड में एक समारोह के दौरान कहा कि ताजमहल को ऐतिहासिक धरोहर नहीं कहा जा सकता। ताजमहल बनाने वाले शाहजहां ने अपने पिता को ही कैद कर डाला था।
अब भाजपा सरकार देश के इतिहास से बाबर, अकबर और औरंगजेब की कलंक कथा को निकालने का काम कर रही है। देश का इतिहास अब तक बिगड़ा हुआ था। उसे सुधारने का काम भाजपा कर रही है। संगीत सोम ने बातचीत में भी कहा कि ताजमहल को वह ऐतिहासिक स्थल, देश की धरोहर नहीं मान सकते। कांग्रेस ने इतिहास बदला है। अब उस इतिहास को बदला जाना चाहिए।
इस मामले में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डा.लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा है कि ताजमहल भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग की सम्पत्ति है। पर्यटन की आय का महत्वपूर्ण स्रोत है। इस पर अनावश्यक विवाद उचित नहीं है।
उधर, प्रदेश कांग्रेस ने संगीत सोम के बयान की निंदा की है। पार्टी प्रवक्ता आर.ए. प्रसाद ने सोमवार को बयान जारी कर कहा कि भाजपा विधायक को यह मालूम होना चाहिए कि ताजमहल भारत ही नहीं बल्कि सम्पूर्ण विश्व में सातवें अजूबे के रूप में जाना जाता है।