नई दिल्ली (जनादेश ब्यूरो): रेखा गुप्ता ने दिल्ली के 9वें मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उपराज्यपाल ने उन्हें शपथ दिलाई। वो शालीमार बाग से पहली बार विधायक चुनी गई हैं। इसके साथ ही वह दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री बन गई हैं। उन्होंने रामलीला मैदान में पद की शपथ ली। सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित और आतिशी के बाद रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री हैं। बीजेपी 27 साल बाद राजधानी में सत्ता में वापस लौटी है।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के बाद प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंद्र इंद्राज, कपिल मिश्रा और पंकज सिंह ने कैबिनेट मंत्री के तौर पर शपथ ली।
प्रवेश वर्मा ने मंत्री पद की ली शपथ: रेखा गुप्ता के बाद नई दिल्ली विधानसभा से विधायक प्रवेश वर्मा ने मंत्री पद की शपथ ली। प्रवेश वर्मा दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा के बेटे हैं।
आशीष सूद ने मंत्री पद की शपथ ली: दिल्ली की जनकपुरी विधानसभा से विधायक आशीष सूद ने मंत्री पद की शपथ ली। आशीष सूद ने तीसरे नंबर पर शपथ ली। आशीष सूद का मुख्यमंत्री की रेस में नाम चल रहा था।
पंकज सिंह ने मंत्री पद की शपथ ली: विकासपुरी से भाजपा विधायक पंकज सिंह ने मंत्री पद की शपथ ली। उपराज्यपाल ने उन्हें शपथ दिलाई है। पंकज राजपूत समाज से बड़ा चेहरा हैं। पार्षद भी रहे हैं।
कपिल मिश्रा ने मंत्री पद की शपथ ली: करावलनगर से विधायक कपिल मिश्रा ने मंत्री पद की शपथ ली। आम आदमी पार्टी को छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे।
रविंद्र इंद्राज सिंह ने मंत्री पद की शपथ ली: बवाना से भाजपा विधायक रविंद्र इंद्राज सिंह ने मंत्री पद की शपथ ली है। दिल्ली में भाजपा का बड़ा दलित चेहरा हैं।
मनजिंदर सिंह सिरसा ने मंत्री पद की शपथ ली: राजौरी गार्डन विधानसभा से विधायक मनजिंदर सिंह सिरसा ने मंत्री पद की शपथ ली है। अकाली दल के टिकट पर दो बार विधायक बने। 2021 में अकाली छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे।
दिल्ली से किए वादे हमारी प्राथमिकता होगी: रेखा गुप्ता
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, "एक चमत्कार है। बहनों के जीवन में एक नया अध्याय है। आज यदि रेखा प्रदेश की मुख्यमंत्री बन कर काम कर सकती है तो मुझे लगता है हर बहन के लिए रास्ते हैं। हमने दिल्ली से जो वादे किए हैं उसे पूरा करना हमारी प्राथमिकता होगी। जिसने भी भ्रष्टाचार किया है उसे एक-एक रुपए का हिसाब देना होगा।"