ताज़ा खबरें
ज्वलंत मुद्दों पर जवाब नहीं देकर पीएम मोदी ने चुनावी भाषण दिया: विपक्ष

मुजफ्फरनगर: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज (गुरूवार) चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि अब भाजपा की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है। उन्होंने मुजफ्फरनगर के खतौली में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए मोदी सरकार पर कई वार किए। आम बजट पर चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा के किसी भी बजट से अच्छे दिन नहीं आए। अब चौथे बजट में किसान, युवाओं और मज़दूरों के लिए कुछ भी नहीं है। नोटबंदी के बाद बैंक की कतारों में कई लोगों की मौत हो गई, लेकिन देश को कोई फायदा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि कालेधन के मामले में सबसे ज्यादा चालू भाजपा वाले हैं। अखिलेश ने कहा कि पैसा काला या सफेद नहीं होता, बल्कि उसका लेन-देन में काला और सफेद होता है। अखिलेश यादव ने कहा कि एक ने लाइन में लगे लगे बच्चे को जन्म दिया। उन्हानें बच्चे का नाम खजांची रख दिया। मैंने उस गरीब परिवार को बुलाया और 2-2 लाख रुपये दिए। भाजपा कहती है कि सरकार बनने पर पलायन सेना बनाएंगे। भाजपा के ही कितने नेता पलायन करके आएं हैं। प्रधानमंत्री मोदी खुद पलायन करके आए हैं। वे पहले गुजरात से यूपी आए और फिर दिल्ली चले गए। उन्होंने कहा कि सबसे ज्यादा व्यापारी दुखी हैं। ये कहीं लड़ाई में नहीं हैं। लडाई से पूरी तरह से बाहर हो गए हैं। पहले थोड़ा बहुत कंफ्यूज़न था कि यूपी में सरकार किसकी बनेगी, लेकिन अब कांग्रेस के आने से पूरी तरह से साफ हो गया कि सरकार सपा-कांग्रेस गठबंधन की बनेगी।

कानपुर: यूपी के कानपुर के जाजमऊ इलाके में निर्माणाधीन छह मंज़िला इमारत ताश के पत्तों की तरह ढह गई। आज सुबह इसके मलबे से एक 3 साल की सही सलामत बच्ची को बाहर निकाला गया। हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई जबकि अब भी मलबे में 30 से ज्यादा लोग दबे हैं। 17 लोगों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है। एनडीआरएफ और सेना राहत और बचाव कार्य में जुटी है। हादसे के वक़्त करीब 50 मज़दूर वहां काम कर रहे थे। उनके बच्चे भी इसी इमारत की निचली मंज़िल पर थे। ज़िलाधिकारी ने घटना की मजिस्ट्रेट जांच कराने के आदेश दिए हैं। कानपुर पुलिस के डीआईजी राजेश मोदक ने बताया कि केडीए कालोनी में एक छह मंजिला निर्माणाधीन भवन का निर्माण हो रहा था। यह भवन ढहकर गिर गया। इसमें काम कर रहे मजदूर इमारत में दब गये। अभी तक सात मजदूरों के शव बाहर निकाले गये हैं तथा करीब एक दर्जन घायल मजदूरों को अस्पताल भेजा जा चुका है। मृतक और घायल मजदूरों में कुछ महिलाएं भी शामिल हैं. डीआईजी के मुताबिक पूरी तरह से मलबा हटाने के बाद ही सही मृतकों और घायलों की संख्या पता चल सकती है। मौके पर अफरातफरी का आलम है। हादसे के बाद एनडीआरएफ की 5 टीमें पूरी रात भर राहत और बचाव का काम में जुटी रहीं। वहीं देर रात एनडीआरएफ की डीआईजी भी कानपुर आ गए और पूरे ऑपरेशन की मोनिटरिंग की।

गाजियाबाद: मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि नोटबंदी ने गरीबों को परेशान कर दिया। काला धन लाने वाले नहीं बता रहे कि कितना धन आया है। चुनाव के बाद बसपा-भाजपा मिलकर सरकार बना सकते हैं। दोनों दलों ने जनता को परेशान किया है। इसलिए सपा को बहुमत से जीताइए, ताकि उनके पास कोई विकल्प न बचे। धौलाना से सपा प्रत्याशी धर्मेश तोमर के समर्थन में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मसूरी में जनसभा को संबोधित किया। अखिलेश ने कहा कि कांग्रेस और सपा का गठबंधन सरकार बनाने जा रहा है। जबसे यह गठबंधन हुआ है, विपक्ष परेशान है। उन्होंने कहा कि मन की बात करने वालों से सावधान रहिए। मन बड़ा चंचल होता है। नोटबंदी ने गरीबों को लाइन में लगा दिया। सैकड़ों लोगों की जान चली गई। भाजपा ने सपा घोषणा पत्र की नकल की है। सपा सरकार 24 घंटे बिजली दे रही है और भाजपा अब 24 घंटे की बात कह रही है। बसपा पर हमला बोलते हुए अखिलेश ने कहा कि बसपा शासन में पैसों की लूट खसोट हुई। हाथी लगवा दिए गए। वहां तो बिना पैसे के टिकट भी नहीं मिलता है। उन्होंने लोगों को आगाह किया कि ऐसे लोगों से बचना चाहिए। अगर ऐसा नहीं किया तो बसपा और भाजपा चुनाव बाद मिल सकते हैं।

मुजफ्फरनगर: मुजफ्फरनगर के पड़ोसी शामली जिला के गोहेरपुर गांव में चुनाव आचार संहिता उल्लंघन के लिये विवादित भाजपा विधायक सुरेश राणा के खिलाफ एक बार फिर मामला दर्ज किया गया है। इससे पहले नफरत फैलाने वाले भाषण के चलते विधायक की टिप्पणी को लेकर उनके खिलाफ मामला दर्ज हुआ था। गौरतलब है कि विधायक ने कहा था कि अगर वह फिर से चुने जाते हैं तो कैराना में कर्फ्यू लग जाएगा। पुलिस ने आज बताया कि उत्तर प्रदेश में 11 फरवरी से शुरू हो रहे विधानसभा चुनावों के लिये थाना भवन विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार ने कल गांव में उनके नाम से एक नयी सड़क के निर्माण के लिये आधारशिला रखी, जिसके बाद यह मामला दर्ज किया गया। चुनावों से पहले राणा के खिलाफ दर्ज यह तीसरा मामला है और वह वर्ष 2013 के मुजफ्फरनगर दंगा मामले में भी आरोपी थे। शनिवार को उन्होंने कहा था कि अगर मैं विजयी (उत्तर प्रदेश चुनावों में) हुआ तो कैराना, देवबंद और मुरादाबाद में कर्फ्यू लग जाएगा।

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख