ताज़ा खबरें
'शराब नीति के कारण दिल्ली सरकार को 2,000 करोड़ का हुआ घाटा'
लैंड फॉर जॉब केस: लालू-तेजस्वी और अन्य आरोपियों को कोर्ट से समन
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चार भारतीय कंपनियों पर लगाया प्रतिबंध
बिहार का कटिहार धमाके से दहला! दो महिलाओं समेत चार लोग घायल

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा है कि वे अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में जाकर लोकसभा चुनाव-2019 में सपा-बसपा गठबंधन की जीत का माहौल बनाने में जुट जाएं। जो भी प्रत्याशी घोषित हो उसका पूरी निष्ठा और एकजुटता से समर्थन और सहयोग करें। अखिलेश यादव ने गुरुवार को यह बात सपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं से कही।

उन्होंने कहा है कि हमें हर बूथ पर संघर्ष करना है। हर बूथ पर जीत हासिल करनी है। भाजपा षडयंत्रकारी पार्टी है। समाज में फूट डालने और समाज में जहर फैलाने में उसको महारत हासिल है। लोगों को बहकाने और भटकाने की कला में वह दक्ष है। हर समाजवादी कार्यकर्ता को भाजपा की साजिशों के खिलाफ लोगों को जागरूक करना है और जनता के बीच भाजपा का पर्दाफाश भी करना है। भाजपा ने देश को बर्बाद कर दिया है। किसान बेहाल हैं। उसका न तो कर्ज माफ हुआ है और नहीं उसकी आय दोगनी हुई है।

उन्होंने कहा, पांच साल के अंदर 50 हजार से ज्यादा किसान आत्महत्या कर चुके हैं। नौजवानों के लिए दो करोड़ नौकरियां देने का भाजपा का वादा कोरा वादा ही साबित हुआ है। नौजवानों के लिए नौकरियों के रास्ते बंद हो गए हैं। नोटबंदी और जीएसटी से व्यापार चौपट है। कई उद्योग बंद हो गए हैं। बेकारों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। आरक्षण समाप्त करने की साजिशें हो रही हैं। देश की 60 प्रतिशत धन दौलत केवल 9 परिवारों के पास पहुंच गई है।

अखिलेश ने कहा कि जनता भाजपा की कुनीतियों से ऊबी हुई है। अब तक न तो उसके वादे पूरे हुए हैं और नहीं जनहित की कोई योजना भाजपा सरकारें लागू कर सकी हैं। 2019 के चुनावों से जनता को यह मौका मिलेगा कि वह अपने वोट से जनविरोधी, वादाखिलाफ भाजपा का तख्ता पलट दें। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए कार्यकर्ता दिन-रात एक कर दें। याद रहे यह चुनाव भारत के लोकतंत्र को बचाने का है।

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख