कुशीनगर: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में सोमवार को एक फाइटर प्लेन हादसे का शिकार हो गया। यह हादसा कुशीनगर के हेतिमपुर के पास हुआ है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह एक जगुआर लड़ाकू विमान था, जिसे ट्रेनी पायलट उड़ा रहा था। यह जगुआर गोरखपुर एअरबेस से 12:15 बजे सामान्य अभ्यास की उड़ान पर निकला था। कुशीनगर के हाटा टोल प्लाजा के ऊपर उड़ते हुए उसमें आग लगी। पायलट ने उसे आबादी के ऊपर गिरने से बचाया। एअरफोर्स का राहत हेलीकॉप्टर मौके पर पहुंच गया है।
एयरफोर्स के पीआरओ ग्रुप कैप्टेन अरविंद सिन्हा ने कहा हादसे की वजह ब्लैक बॉक्स की जांच से ही पता चलेगी। वहीं फाइटर प्लेन के खेत में गिरते ही उसमें आग लग गई। पायलट ने पैराशूट से कूदकर जान बचाई। प्लेन के गिरने की वजह से आसपास रहने वाले लोगों में हड़कंप मच गया। घटनास्थल से सामने आई तस्वीरों में हादसे का शिकार हुए फाइटर प्लेन को देखने के लिए लोगों की उमड़ी भीड़ दिखाई दे रही है।
बता दें कि इससे पहले पिछले साल 20 मार्च 2018 को भी एक वायुसेना का एक लड़ाकू विमान हादसे का शिकार हो गया था। इस हादसे में पायलट अरविंद कुमार ने विमान में आई गड़बड़ी को देख पहले उसका रुख नदी की तरफ कर दिया था और पैराशूट लेकर छलांग लगा दी। इसके बाद पायलट स्वर्णरेखा नदी के बालू में गिर गए थे, जिससे उन्हें आंशिक चोट लगी।