लखनऊ: बढ़ती महंगाई, महिलाओं पर अत्याचार के विरोध में मंगलवार पूरे प्रदेश से समाजवादी पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं ने दारुलशफा से लेकर गांधी प्रतिमा तक पैदल मार्च किया। सैकड़ों की संख्या में महिलाएं सड़कों पर उग्र होकर प्रदर्शन करने लगी। सुरक्षा कर्मियों ने महिलाओं को रोकना चाहा, तो महिलाएं भड़क उठीं और आगे बढ़ने लगी। सड़क पर जाम और उग्र होती महिलाओं को देख पुलिस ने महिलाओं पर लाठियां बरपाईं। लेकिन, महिलाओं ने रुकने का नाम नहीं लिया। मजबूरन, पुलिस ने घेराबंदी कर प्रदर्शन कर रहीं महिलाओं को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा।
गांधी की प्रतिमा के नीचे भी पुलिस ने महिलाओं पर लाठीचार्ज किया। इसमें एमएलसी लीलावती कुशवाहा, प्रदेश सचिव प्रियंका पाल, प्रीति तिवारी, शशि प्रभा शुक्ल, रेखा यादव महिला अध्यक्ष कानपुर नगर समेत तमाम महिलाएं चोटिल हो गईं। इसके बाद भीड़ तितर-बितर हुई। पुलिस ने घायल महिलाओं को सिविल अस्पताल पहुंचाया।