लखनऊ: यूपी के बांदा जेल में बंद बाहुबली मुख्तार अंसारी और उसकी पत्नी को हार्ट अटैक पड़ा है। जेल में जब उसकी पत्नी उससे मिलने गई तो उसे अटैक आ गया, ये देखकर पत्नी को भी अटैक पड़ गया। दोनों को ही बांदा के जिला अस्पताल में कड़ी सुरक्षा के बीच भर्ती कराया गया है। छह महीने पहले ही मुख्तार को बांदा जेल में लाया गया था। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में उन्हें पहले भर्ती कराया गया और हालत को देखते हुए लखनऊ रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों ने बताया कि दोनों के सीने में दर्द उठा था। जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। अंसारी बीपी और शुगर के मरीज हैं। अस्पताल की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
अपर पुलिस महानिदेशक लॉ एंड आर्डर आनंद कुमार ने कहा, 'सूचना मिली है कि विधायक मुख्तार अंसारी को बांदा जेल से चिकित्सा के लिए लखनऊ या किसी अन्य शहर में रेफर किया गया है। उनकी सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी हमारी है। हम उनको हर स्तर की सुरक्षा मुहैया कराएंगे।'
गौरतलब है कि मुख्तार अंसारी ने जेल में रहते हुए ही विधानसभा चुनाव लड़ा था। लखनऊ जेल से मुख्तार अंसारी को बांदा जेल भेजा गया था। बांदा जिला जेल भेजे जाने के कारण भी मुख्तार चर्चा में रहे थे। लखनऊ जेल से बांदा जेल शिफ्ट किए जाने पर मुख्तार अंसारी ने कथित साजिश की ओर इशारा किया था। मुख्तार अंसारी ने कहा था कि एक केंद्रीय मंत्री उन्हें जान से मारने की साजिश कर रहे हैं। मुख्तार अंसारी ने ललितपुर जाने में अपनी जान को खतरा बताया था।